Edited By Vatika,Updated: 27 Jul, 2026 08:54 AM

ग्रेटर लुधियाना एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GLADA) कॉम्प्लेक्स, राजगुरु नगर से जुड़े एक मकान के फर्जी नो
लुधियाना (राज): ग्रेटर लुधियाना एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GLADA) कॉम्प्लेक्स, राजगुरु नगर से जुड़े एक मकान के फर्जी नो ड्यूज सर्टिफिकेट (N.D.C.) जारी करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्लाडा अधिकारी की शिकायत और रिकॉर्ड की गहन पड़ताल के बाद पुलिस ने हरिद्वार के रविंदर कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
अधिकारी ने अपनी शिकायत और रिकॉर्ड की जांच के आधार पर बताया कि ग्लाडा के रिकॉर्ड के अनुसार मकान नंबर 905, स्कीम 99, सेक्टर 40, लुधियाना की अलॉटमेंट पत्र नंबर 1009 (दिनांक 31.03.1998) के जरिए दविंदर कुमार कड़ को अलॉट किया गया था। लेकिन, जब संबंधित रिकॉर्ड खंगाला गया तो आरोपी द्वारा जमा करवाई गई रकम और रसीद नंबर की कोई भी एंट्री विभागीय रजिस्टर में नहीं मिली। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उक्त मकान से संबंधित जारी किया गया एन.डी.सी. (N.D.C.) पूरी तरह से गलत तरीके से, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर और जाली तैयार किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ग्लाडा अधिकारी की शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी और जाली दस्तावेज तैयार करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस जालसाजी में कौन-कौन से कर्मचारी या बिचौलिए शामिल हैं। मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई और तफ्तीश जारी है।