Edited By Subhash Kapoor,Updated: 27 Jul, 2026 11:36 PM

पंजाब में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर वाल्मीकि समुदाय दोफाड़ होता नजर आ रहा है क्योंकि जहां कुछ समय पहले यह खबर आई थी कि पंजाब सरकार और सफाई कर्मचारी संगठनों के बीच सहमति बनने के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई है, वहीं अब वाल्मीकि समुदाय से जुड़े...
जालंधर : पंजाब में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर वाल्मीकि समुदाय दोफाड़ होता नजर आ रहा है क्योंकि जहां कुछ समय पहले यह खबर आई थी कि पंजाब सरकार और सफाई कर्मचारी संगठनों के बीच सहमति बनने के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई है, वहीं अब वाल्मीकि समुदाय से जुड़े नेता गोपाल थापर ने इस दावे को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार कोई सही फैसला नहीं लेती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
गोपाल थापर ने कहा कि हड़ताल खत्म होने की खबरें पूरी तरह अफवाह हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार के साथ किसी भी तरह का ऐसा समझौता नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा सफाई कर्मचारियों का वेतन ₹20,500 किए जाने की बात कोई नई घोषणा नहीं है, बल्कि यह पहले से मंजूरशुदा मांग है। उनका कहना है कि सफाई कर्मचारियों का आंदोलन पहले की तरह जारी है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की अन्य महत्वपूर्ण मांगें अभी भी लंबित हैं और जब तक उन्हें पूरा नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
गोपाल थापर ने यह भी ऐलान किया कि 30 जुलाई को फिर से पंजाब बंद किया जाएगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों और समर्थकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
गौरतलब है कि इससे पहले खबर सामने आई थी कि पंजाब सरकार ने सफाई कर्मचारियों का वेतन बढ़ाकर ₹20,500 करने के बाद हड़ताल समाप्त करा दी है। हालांकि, गोपाल थापर के बयान के बाद अब हड़ताल को लेकर अलग-अलग दावे सामने आने से स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।
