Edited By VANSH Sharma,Updated: 24 Mar, 2026 08:29 PM

गांव जंडी में 17 मार्च की आधी रात को हुए किसान हरजिंदर सिंह के हत्या कांड मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।
सिद्धवां बेट (चाहल): गांव जंडी में 17 मार्च की आधी रात को हुए किसान हरजिंदर सिंह के हत्या कांड मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि जमीन-जायदाद के लालच में पत्नी ने अपने ही बेटे के साथ मिलकर अपने पति को मौत के घाट उतरवा दिया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी तरनजीत कौर उर्फ तनी को मुख्य साजिशकर्ता के रूप में गिरफ्तार कर लिया है।
बेटे के कबूलनामे ने खोले राज
पुलिस जांच के अनुसार यह पूरा विवाद जमीन और जायदाद के बंटवारे को लेकर चल रहे घरेलू कलह का नतीजा था। पुलिस रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी बेटे जसकरण सिंह उर्फ जस्सू ने कबूल किया कि उसने अपनी मां की साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया। इस हत्या में जसकरण के दोस्त गुरप्रीत सिंह (काका) और धर्मिंदर सिंह (ज्ञानी), निवासी लीला मेघ सिंह, भी सह-आरोपी के रूप में शामिल थे। वारदात वाली रात जब हरजिंदर सिंह सो रहे थे, तब उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, अगले दिन आरोपियों ने खुद को बेगुनाह साबित करने और पुलिस को गुमराह करने के लिए रोने-धोने का नाटक भी किया।
कैसे हुआ खुलासा
इस घटना का खुलासा बुधवार दोपहर उस समय हुआ जब हरजिंदर सिंह के घर का दरवाजा लंबे समय तक नहीं खुला। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे मृतक के भाई जगराज सिंह और भतीजे कुलजिंदर सिंह ने खिड़की के रास्ते अंदर जाकर देखा तो हरजिंदर सिंह की खून से लथपथ लाश बिस्तर पर पड़ी थी। भाई जगराज सिंह के अनुसार जायदाद के विवाद के कारण हरजिंदर सिंह को पहले से ही अपनी जान का खतरा था।
जांच के दौरान पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग
थाना सिद्धवां बेट के प्रभारी इंस्पेक्टर हमराज सिंह चीमा ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले। आरोपियों की घटना के समय मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई और मां-बेटे के बयान दर्ज किए गए, जो आपस में मेल नहीं खाते थे, जिससे पुलिस का शक और गहरा हो गया। पुलिस ने जसकरण को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पूरा अपराध कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कथित आरोपी पत्नी तरनजीत कौर को गिरफ्तार कर लिया। मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here