Edited By Urmila,Updated: 22 Aug, 2026 10:25 AM

पंजाब में जाली हस्ताक्षर कर झूठे प्रमाणपत्र जारी करने, टैक्स धोखाधड़ी और गैर-मौजूद फंड ट्रांसफर करने व इसके लिए उकसाने के एक बड़े मामले का पर्दाफाश हुआ है।
लुधियाना (राज): पंजाब में जाली हस्ताक्षर कर झूठे प्रमाणपत्र जारी करने, टैक्स धोखाधड़ी और गैर-मौजूद फंड ट्रांसफर करने व इसके लिए उकसाने के एक बड़े मामले का पर्दाफाश हुआ है। डिप्टी डायरेक्टर टैक्स (इन्वेस्टिगेशन-02) से प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों ऋषभ गुप्ता और लवप्रीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश की विभिन्न धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज कर अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आयकर/टैक्स विभाग के डिप्टी डायरेक्टर टैक्स (इन्वेस्टिगेशन-02), लुधियाना द्वारा पुलिस कमिश्नरेट को एक आधिकारिक शिकायत सौंपी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने आपसी मिलीभगत और सुनियोजित साजिश के तहत फर्जी दस्तावेजों और जाली हस्ताक्षरों का सहारा लेकर बड़े पैमाने पर वित्तीय धोखाधड़ी और जालसाजी को अंजाम दिया है। विभागीय जांच में सामने आया कि आरोपियों ने झूठे सर्टिफिकेट जारी कर पंजाब के नाम पर मनगढ़ंत व गैर-कानूनी झूठे प्रमाणपत्र तैयार किए। आधिकारिक दस्तावेजों पर फर्जी व जाली हस्ताक्षर कर उन्हें असली के रूप में इस्तेमाल किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दर्ज एफआईआर के आधार पर अगली गहन तफ्तीश शुरू कर दी गई है। टैक्स विभाग के साथ समन्वय बनाकर आरोपियों द्वारा बनाए गए फर्जी दस्तावेजों, बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। मामले में शामिल अन्य संभावित मददगारों और आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here