Edited By Subhash Kapoor,Updated: 11 Sep, 2026 08:45 PM

आम जनता को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर पहुंचाने और विभिन्न प्रमाण-पत्रों (सर्टिफिकेट्स) की पेंडेंसी को जल्द से जल्द खत्म करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। डिप्टी कमिश्नर लुधियाना के दिशा-निर्देशों पर जिले के अंतर्गत आती सभी...
लुधियाना (राज): आम जनता को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर पहुंचाने और विभिन्न प्रमाण-पत्रों (सर्टिफिकेट्स) की पेंडेंसी को जल्द से जल्द खत्म करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। डिप्टी कमिश्नर लुधियाना के दिशा-निर्देशों पर जिले के अंतर्गत आती सभी तहसीलों और सब-तहसीलों को आने वाले सप्ताहांत शनिवार और रविवार को भी सामान्य दिनों की तरह खुला रखने का फैसला किया गया है। इस संबंध में दफ्तर डिप्टी कमिश्नर ऑफिस की अमला शाखा की ओर से 11 सितंबर को बाकायदा आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
आदेशों के अनुसार, आम नागरिकों द्वारा अप्लाई किए गए विभिन्न जरूरी प्रमाण-पत्रों (जैसे जाति, रिहायशी, आय प्रमाण पत्र आदि) की लंबी पेंडेंसी को शून्य करने के लिए माननीय डिप्टी कमिश्नर लुधियाना ने यह विशेष कदम उठाया है। आदेशानुसार, जिला लुधियाना के सभी तहसील व सब-तहसील दफ्तर 12 सितंबर (शनिवार) और 13 सितंबर (रविवार) को भी रोजाना की तरह सामान्य कार्यदिवस की भांति खुले रहेंगे। इस फैसले से उन हजारों आवेदकों को बड़ी राहत मिलेगी, जिनके जरूरी दस्तावेज पेंडेंसी के कारण रुके हुए थे। हुक्म में इन सभी तहसीलों और सब-तहसीलों के समूह कर्मचारियों व अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वे 12 और 13 सितंबर को अपने-अपने दफ्तरों में पूरी तरह उपस्थित रहना सुनिश्चित करेंगे। कर्मचारियों को स्पष्ट आदेश दिए गए हैं कि इन दो विशेष दिनों के दौरान केवल और केवल पेंडिंग सर्टिफिकेट्स को तेजी से क्लीयर करने का काम निपटाया जाए। मुख्यमंत्री फील्ड अफसर, लुधियाना द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश में साफ कहा गया है कि इन दिशा-निर्देशों की पालना यकीनी बनाई जाए और किसी भी प्रकार की कोताही या गैर-हाजिरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।