लुधियाना के ट्रांसपोर्ट ऑफिस में सेंधमारी, हथौड़े से तिजोरी तोड़ ले गया कैश,  हिडन कैमरे में कैद हुआ चोर

Edited By Vatika,Updated: 17 Aug, 2026 02:01 PM

ludhiana transport office

महानगर में घोड़ा कॉलोनी के पास स्थित 'अमन सत्कार लॉजिस्टिक' नामक ट्रांसपोर्ट कंपनी के दफ्तर

लुधियाना (राज): महानगर में घोड़ा कॉलोनी के पास स्थित 'अमन सत्कार लॉजिस्टिक' नामक ट्रांसपोर्ट कंपनी के दफ्तर में शातिर चोर द्वारा सेंधमारी करने का मामला सामने आया है। हाथ में हथौड़ा लेकर घुसे चोर ने दफ्तर के सभी लॉकर और तिजोरी तोड़कर उसमें रखी करीब सवा लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पहचान छिपाने के लिए चोर ने दफ्तर में लगे 3 मुख्य सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदल दी, लेकिन वह एसी के पीछे लगे हिडन कैमरे से अनजान रहा, जिसमें उसकी 1 घंटे तक की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हो गई।

करीब 1.25 लाख रुपये की नकदी थी गायब 
ट्रांसपोर्ट के मालिक अमन ने बताया कि वह रविवार रात को रोजाना की तरह दफ्तर ठीक से बंद करके अपने घर चले गए थे। सावन का पवित्र महीना चलने के कारण वह अगली सुबह करीब 6:00 बजे दफ्तर के बाहर लंगर लगाने की तैयारी के लिए पहुंचे। जैसे ही उन्होंने दफ्तर का मुख्य गेट खोला, तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। कमरे के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था, फाइलों के बंडल उलटे पड़े थे और सभी अलमारियों व लॉकरों के ताले टूटे हुए थे। जब उन्होंने तिजोरी की जांच की, तो उसमें रखी करीब 1.25 लाख रुपये की नकदी गायब थी। दफ्तर में लगे सुरक्षा कैमरों की जांच करने पर पूरी वारदात का खुलासा हुआ। चोर पड़ोसियों की दीवार फांदकर बड़ी चालाकी से ट्रांसपोर्ट दफ्तर के अंदर दाखिल हुआ था।

AC के पीछे लगा था हिडन कैमरा 
पकड़े जाने के डर से उसने सबसे पहले दफ्तर में लगे तीन सीसीटीवी कैमरों की दिशा मोड़कर उन्हें बंद कर दिया। हालांकि, चोर को यह भनक नहीं थी कि दफ्तर में एसी के पीछे एक हिडन कैमरा भी लगा हुआ है। इस हिडन कैमरे में चोर के अंदर घुसने, हथौड़े से एक-एक दरवाजे व लॉकर के ताले तोड़ने, फाइलों को खंगालने और तिजोरी से सवा लाख रुपये कैश समेटकर फरार होने तक का पूरा 1 घंटे का घटनाक्रम साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गया। ट्रांसपोर्टर अमन ने रोष जताते हुए बताया कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था की भारी कमी है। इससे पहले भी दफ्तर के बाहर खड़े रहने वाले उनके कई ट्रक ड्राइवरों के मोबाइल फोन चोरी हो चुके हैं। रात के समय पूरे ट्रांसपोर्ट नगर व घोड़ा कॉलोनी इलाके में असामाजिक और आपराधिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे कारोबारियों में भारी दहशत है।
वारदात की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। थाना मोती नगर की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और हिडन कैमरे की पूरी सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज में दिख रहे संदिग्ध युवक की तस्वीरें निकालकर इलाके में पहचान की जा रही है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!