सेवा केंद्र में आम जनता परेशान, एजेंटों की बल्ले-बल्ले! ‘टोकन खत्म’ कहकर लौटाए लोग

Edited By Vatika,Updated: 12 Aug, 2026 08:42 AM

ludhiana suwidha centre

जाति प्रमाण पत्र और आधार कार्ड अपडेट और अन्य काम कराने आए लोग परेशान, डीसी हिमांशु जैन से एजेंटों पर नकेल कसने की मांग

लुधियाना, (राज) : मिनी सचिवालय स्थित सेवा केंद्र में प्रशासनिक सुधारों और नागरिक सुविधाओं के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। सेवा केंद्र में दूर-दूर से काम करवाने आ रही आम जनता को टोकन खत्म होने का बहाना बनाकर वापस लौटाया जा रहा है, जबकि दूसरी तरफ सेटिंग वाले एजेंटों और उनके क्लाइंट्स का काम बिना किसी टोकन और बिना किसी लाइन के मिनटों में निपटाया जा रहा है। समराला चौक से आए बुजुर्ग अजीत सिंह ने बताया कि वह सेवा केंद्र में अपने आधार कार्ड का पता बदलवाने के लिए आए थे। लेकिन कर्मचारियों ने उन्हें यह कहकर टोकन देने से साफ मना कर दिया कि टोकन खत्म हो चुके हैं और वे अगली सुबह आएं। अजीत सिंह ने बताया कि जब उन्होंने कर्मचारियों को अपनी उम्र का हवाला देते हुए दूर से आने और सुबह 8 से 9 बजे के बीच न पहुंच पाने की मजबूरी जताई, तब भी स्टाफ ने उन्हें टरका दिया। उन्होंने बताया कि जहां एक तरफ बुजुर्गों और आम लोगों को अगली सुबह 8 से 9 बजे टोकन लेने के लिए आने को कहा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सेवा केंद्र के अंदर एजेंटों का बोलबाला है। उनके सामने ही एक एजेंट अपने साथ कुछ लोगों को लेकर आया और सीधे स्टाफ के पास जाकर बिना किसी टोकन और बिना किसी कतार के अपना काम करवाकर निकल गया।

1076 हेल्पलाइन के दावों की खुली हवा, जमीनी हकीकत कुछ और ही :
एक तरफ पंजाब सरकार ने हेल्पलाइन नंबर 1076 जारी कर सेवा केंद्रों से जुड़े कामों के लिए लोगों को धक्के न खाने और घर पर ही सुविधाएं मिलने का दावा किया था, लेकिन इसकी जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। सांझ केंद्र के मुलाजिम घर आना तो दूर की बात, सांझ केंद्र पहुंचने के बाद भी आम जनता के काम नहीं कर रहे। लोगों को चिलचिलाती गर्मी में घंटों लाइनों में खड़े रहना पड़ता है, जबकि दूसरी तरफ अगर किसी एजेंट से संपर्क किया जाए तो वही काम चंद मिनटों में हो जाता है। पंजाब केसरी की टीम ने आज मिनी सचिवालय का दौरा किया, तो वहां ठीक ऐसा ही मंजर देखने को मिला।

घंटों लाइन में लगो या एजेंट के जरिए काम कराओ, आम जनता का आरोप
काम करवाने आए राजू गुप्ता ने आरोप लगाया कि सेवा केंद्र में आम नागरिक को अपने छोटे-छोटे सरकारी कामों के लिए घंटों लाइनों में पसीना बहाना पड़ता है। लेकिन अगर वही काम किसी एजेंट के जरिए करवाया जाए, तो न तो लाइन में लगना पड़ता है और न ही किसी टोकन का इंतजार करना पड़ता है। वहीं, जाति प्रमाण पत्र अप्लाई करने आए नितीश कुमार ने भी अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उन्हें भी टोकन देने से मना कर दिया गया और अगली सुबह 8 से 9 बजे के बीच टोकन लेने के लिए कहा गया, जबकि एजेंटों का काम अंदर बेरोकटोक जारी था।

डीसी हिमांशु जैन से एजेंटगिरी बंद कराने की गुहार, इंचार्ज बोले- कराएंगे चेक
सेवा केंद्र में व्याप्त इस धांधली और एजेंटगिरी से परेशान होकर आम जनता ने लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन से गुहार लगाई है। लोगों ने मांग की है कि सेवा केंद्र में सक्रिय एजेंटगिरी और बिचौलियों के प्रवेश पर तुरंत रोक लगाई जाए तथा आम नागरिकों और बुजुर्गों के काम प्राथमिकता के आधार पर निपटाए जाएं, ताकि जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े। उधर, जब इस बारे में सेवा केंद्र के इंचार्ज मंदीप कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कुछ चल रहा है, तो वह इसकी जांच कराएंगे और मामले को चेक करवाएंगे।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!