Edited By Vatika,Updated: 19 Aug, 2026 09:11 AM

महानगर में घरों को निशाना बनाने वाले चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।
लुधियाना (राज): महानगर में घरों को निशाना बनाने वाले चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में एक घर को निशाना बनाते हुए अलमारी के ताले तोड़कर 70 हजार रुपये की नकदी और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह जब परिजनों को चोरी का पता चला, तो इलाके में सनसनी फैल गई। कुलविंदर सिंह की शिकायत पर थाना शिमलापुरी पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता ने बताया कि बीते 03-04 जुलाई की दरमियानी रात उनका परिवार रोजाना की तरह घर में सो रहा था। इसी दौरान कोई अज्ञात शातिर चोर चुपके से घर के अंदर दाखिल हो गया। चोर ने घर में रखी अलमारी को निशाना बनाया और उसके ताले तोड़कर अंदर रखा सारा कीमती सामान व नकदी समेट ली।
चोर घर की अलमारी में रखे 70,000 रुपये कैश, लेडीज सोने की 2 चेन, 1 जोड़ी सोने के टॉप्स, 1 जोड़ी सोने की बालियां, 2 जेंट्स सोने की अंगूठियां, 1 बच्चे की चांदी की चेन, 2 जोड़ी चांदी की झांझरें (पायल), और बच्चों के चांदी के सगले (कड़े) चुरा ले गए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी गहने और नकदी लेकर बड़ी आसानी से फरार हो गए। सुबह जागने पर परिजनों ने जब अलमारी खुली और सामान बिखरा देखा, तो उन्हें चोरी की भनक लगी। पुलिस का कहना है कि आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।