Edited By Vatika,Updated: 04 Apr, 2026 09:56 AM

महानगर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस की गश्त
लुधियाना(राज): महानगर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस की गश्त का भी खौफ नहीं रहा। बीती रात गिल रोड स्थित मशहूर स्कूटर मार्केट में चोरों ने पुलिस की सक्रियता को ठेंगा दिखाते हुए महज 8 मिनट के भीतर तीन दुकानों के शटर तोड़कर बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस चोरी की जानकारी खुद गश्त कर रही पीसीआर टीम ने दुकानदारों को फोन पर दी, लेकिन वारदात के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अभी तक मामला दर्ज करने की जहमत नहीं उठाई है।
दुकानदार नरेंद्र कुमार ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि रात करीब 3:20 बजे चोरों का गिरोह पूरी प्लानिंग के साथ मार्केट में दाखिल हुआ। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोरों को पकड़े जाने का रत्ती भर भी डर नहीं था। रात ठीक 3:20 बजे एक चोर दुकान नंबर 15 के भीतर घुसा और महज 4 मिनट के भीतर वहां से मोटरसाइकिल निकालकर बाहर ले आया। इसके तुरंत बाद चोरों ने दूसरी दुकान नंबर 16 को निशाना बनाया और वहां से लाल रंग का जुपिटर स्कूटर चोरी कर लिया। चोरों का तांडव यहीं नहीं रुका, रात 3:26 बजे वे दुकान नंबर 23 'अतुल सेनेटरी' में दाखिल हुए। फुटेज में एक आरोपी सिर पर गमछा बांधे और दूसरा हाथ में टॉर्च लिए नजर आ रहा है। आरोपियों ने बड़ी सफाई से पेचकस के साथ गल्ले का लॉक तोड़ा और वहां पड़ा लैपटॉप व 52 हजार रुपये की नकदी अपनी जेबों में भर ली। रात 3:28 बजे तक चोर पूरी इत्मीनान के साथ वारदात को अंजाम देकर गायब हो चुके थे।
नरेंद्र कुमार ने बताया कि जब वे सुबह करीब 4:17 बजे सूचना पाकर अपने पार्टनर संजय मल्होत्रा के साथ दुकान पर पहुंचे, तो वहां पहले से पीसीआर मौजूद थी। पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि उनकी दुकान का शटर खुला है। अंदर जाकर देखा तो करीब 30 गाड़ियों के बीच खड़ी लाल रंग की स्कूटी गायब थी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि तीन आरोपी इस वारदात में शामिल थे, जिनमें से एक बाहर मोटरसाइकिल स्टार्ट करके खड़ा था ताकि मौका देखते ही भागा जा सके। दुकानदार ने रोष जताते हुए कहा कि पुलिस ने ही उन्हें चोरी की खबर दी, लेकिन जब कार्रवाई की बात आई तो पुलिस अब टालमटोल कर रही है। इतनी बड़ी वारदात के बाद भी मामला दर्ज न होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। उधर, मार्केट के अन्य दुकानदारों में भी इस घटना के बाद भारी रोष पाया जा रहा है।