Edited By Subhash Kapoor,Updated: 30 Jul, 2026 08:15 PM

पक्खोवाल रोड स्थित पासी चौक के पास अपने होटल में बेखौफ होकर जुए का अवैध कारोबार चलाने वाले 'T' अक्षर के नाम वाले युवक ने अब पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए अपना ठिकाना बदल लिया है।
लुधियाना (राज): पक्खोवाल रोड स्थित पासी चौक के पास अपने होटल में बेखौफ होकर जुए का अवैध कारोबार चलाने वाले 'T' अक्षर के नाम वाले युवक ने अब पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए अपना ठिकाना बदल लिया है। मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, अब यह काला धंधा पक्खोवाल रोड स्थित दाद गांव के नजदीक एक प्रसिद्ध गुरुद्वारा साहिब से कुछ ही दूरी पर स्थित दो अलग-अलग होटलों में धड़ल्ले से शिफ्ट कर दिया गया है।
तीन मंजिलों पर लगती हैं बाजियां, खाकी से 'सेटिंग' का दावा
चर्चा है कि इन होटलों की तीनों मंजिलों पर दिन-रात खुलकर दांव लगाए जा रहे हैं और जुए की बाजियां खेली जा रही हैं। हद तो तब हो जाती है जब होटल मालिक सरेआम यह दावा करता फिरता है कि उसकी स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ 'पक्की सेटिंग' है, इसलिए उस पर कोई हाथ नहीं डाल सकता। यदि पुलिस टीम इस 'T' नाम धारी युवक को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ करे, तो शहर में फैले जुए के इस बड़े नेटवर्क की परतें खुल सकती हैं और इसका पूरी तरह सफाया हो सकता है।
पिता की NGO की आड़, नेताओं संग फोटो खिंचवा जमाते हैं धाक
इस मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। जुआ का धंधा चलाने वाले 'T' नाम के युवक के पिता पहले एक एनजीओ (NGO) चलाते थे, लेकिन पैसों के गबन और घपले का मामला सामने आने के बाद उन्हें वहां से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। अब नया पैंतरा अपनाते हुए पिता ने फिर से एक नई NGO का गठन कर लिया है। इसी एनजीओ की आड़ में राजनीतिक दलों के बड़े-बड़े दिग्गजों और नेताओं को कार्यक्रमों में बुलाया जाता है। इसके बाद पिता-पुत्र उन नेताओं के साथ तस्वीरें खिंचवाकर जनता और पुलिस पर अपनी 'ऊंची पहुंच' की धाक जमाते हैं—ताकि आड़ में बेटा बिना किसी खौफ के होटल में जुए का साम्राज्य चला सके।