Edited By Kalash,Updated: 20 Aug, 2026 01:23 PM

गांव में बाल व दाढ़ी कटवाकर सैलून से बाहर निकले एक युवक पर बाइक सवार पिता-पुत्र द्वारा जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
लुधियाना (राज): गांव में बाल व दाढ़ी कटवाकर सैलून से बाहर निकले एक युवक पर बाइक सवार पिता-पुत्र द्वारा जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को निशाना बनाकर पिस्तौल से 3 गोलियां चलाईं, जिसमें से एक गोली युवक के बाएं कंधे में जा धंसी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर अपनी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पुलिस ने पीड़ित तलविंदर सिंह के बयानों पर पिता-पुत्र प्रधान सिंह और पवन के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता ने बताया कि बीते 19 अगस्त 2026 को वह अपने ही गांव में स्थित 'काकू हेयर ड्रेसर' की दुकान पर बाल और दाढ़ी कटवाने गया हुआ था। जैसे ही वह काम खत्म करवाकर दुकान से बाहर निकला, तभी घात लगाए बैठे आरोपी पवनदीप सिंह उर्फ पवन और उसका पिता प्रधान सिंह अपनी बजाज सीटी-100 काले-नीले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके पर आ धमके।
आरोपियों ने बिना कोई बात किए जान से मारने की नीयत से अपनी पिस्तौल निकाली और शिकायतकर्ता पर सीधे 3 फायर झोंक दिए। अचानक हुए इस हमले में एक गोली शिकायतकर्ता के बाएं कंधे पर जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग और दुकानदार मौके की तरफ दौड़े। लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपी अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
वारदात के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने घायल को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर थाना साहनेवाल की पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी पवनदीप सिंह उर्फ पवन और उसके पिता प्रधान सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here