Ludhiana में कूड़े के ढेर में मिला 32 वर्षीय महिला का क्षत-विक्षत शव, जानवरों ने बुरी तरह नोचा

Edited By Vatika,Updated: 15 Sep, 2026 02:21 PM

ludhiana crime news

शव की दुर्गति देखकर परिजनों के होश उड़ गए और कोहराम मच गया।

लुधियाना (राज): दुगरी इलाके में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक खाली प्लॉट में कूड़े के ढेर के पास 32 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध व क्षत-विक्षत परिस्थितियों में पड़ा मिला। लावारिस हालत में पड़े शव को देखकर राहगीरों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

मृतका की पहचान दाना मंडी स्थित अरोड़ा पैलेस इलाके की रहने वाली आशा के रूप में हुई है। शव की हालत इतनी भयावह थी कि उसे आवारा जानवरों ने कई जगहों से बुरी तरह नोच रखा था। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर नशे की ओवरडोज के कारण मौत होने का अंदेशा जताया है। मृतका की बहन भारती ने बयां किया कि आशा शनिवार सुबह किसी काम के सिलसिले में घर से बाहर निकली थी। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे परिजनों को सूचना मिली कि दुगरी इलाके में एक खाली प्लॉट के अंदर कूड़े के ढेर के पास आशा से मिलती-जुलती एक महिला का शव पड़ा है। जब परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने शव की पहचान आशा के रूप में की। शव की दुर्गति देखकर परिजनों के होश उड़ गए और कोहराम मच गया। बहन भारती के अनुसार, आशा ज्यादा पढ़ी-लिखी नहीं थी और कोई नियमित कामकाज भी नहीं करती थी। वह पिछले कुछ समय से एक व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आशा की एक 4 वर्ष की मासूम बेटी भी है, जिसके सिर से अब मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है। बहन ने स्पष्ट किया कि उनके परिवार की किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश या दुश्मनी नहीं थी, जिससे हत्या के इरादे को लेकर सीधे तौर पर कुछ कहा जा सके।

जानवरों ने नोचा शव, डॉक्टरों को ओवरडोज का शक
शव पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के अनुसार, शव कई घंटों तक खुले में पड़ा रहा था, जिसके चलते आवारा जानवरों ने शरीर को बुरी तरह से नोच डाला था। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में आशंका व्यक्त की है कि महिला की मौत अत्यधिक मात्रा में ड्रग ओवरडोज लेने के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के असली व सटीक कारणों की पुष्टि के लिए डॉक्टरों ने विसरा और केमिकल जांच हेतु सैंपल सुरक्षित रख कर लेबोरेटरी भेज दिए हैं।

CCTV फुटेज से आखिरी मूवमेंट ट्रेस करने में जुटी पुलिस
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहनता से तफ्तीश की जा रही है। पुलिस की टीमें दुगरी इलाके और प्लॉट की ओर जाने वाले तमाम रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि आशा शनिवार सुबह किसके संपर्क में थी, वह इस सुनसान खाली प्लॉट तक किसके साथ और कैसे पहुंची। पुलिस मृतका के लिव-इन पार्टनर, दोस्तों और परिजनों से भी विस्तृत पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक और मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!