Edited By Vatika,Updated: 31 Aug, 2026 09:48 AM

महानगर के अति-व्यस्त घंटाघर-लकड़ बाजार मार्ग पर सोमवार तड़के एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने
लुधियाना, (राज): महानगर के अति-व्यस्त घंटाघर-लकड़ बाजार मार्ग पर सोमवार तड़के एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा पेश आया। पेपर के रोल से लदे 10 चक्के वाले एक भारी ट्रक ने पैदल सड़क पार कर रही मां-बेटी को बुरी तरह कुचल दिया।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। चश्मदीदों के अनुसार, यह दर्दनाक दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 6:15 से 6:30 बजे के बीच हुई। 10 टायरी भारी ट्रक गढ़शंकर से लुधियाना आया था और उसे शहर के अंदर ही पेपर का माल उतारना था। ट्रक घंटाघर चौक की दिशा से लकड़ बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक महिला अपनी बेटी के साथ सड़क पार कर रही थी कि अचानक भारी ट्रक की चपेट में आ गई और दोनों भारी पहियों के नीचे कुचली गईं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक की पहचान सलेम के निवासी के रूप में सामने आ रही है।पुलिस को मृतक मां-बेटी की पहचान नहीं हो पाई थी और न ही मौके पर उनका कोई पारिवारिक सदस्य पहुंचा था।
पुलिस ने दोनों के शवों को पहचान और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मनप्रीत सिंह पुलिस पार्टी सहित घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी मनप्रीत सिंह ने बताया कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में मृतकों की पहचान के लिए मुनादी और पूछताछ करवाई जा रही है।