Edited By Vatika,Updated: 27 Aug, 2026 12:00 PM

शादी का झूठा झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, धोखे से लोन करवाकर पैसे ऐंठने और ठगी करने का
लुधियाना(राज): शादी का झूठा झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, धोखे से लोन करवाकर पैसे ऐंठने और ठगी करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले से शादीशुदा होने और एक बच्ची का पिता होने की बात छिपाई, जबकि उसके परिजनों ने भी पीड़िता को धोखे में रखा। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी मुकर गए और पैसे हड़पने के बाद अब उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पुलिस ने पीड़िता के बयानों पर केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए गए बयानों में पीड़िता ने बताया कि आरोपी अजय कुमार ने उसके साथ दोस्ती बढ़ाई और विश्वास में लेकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। कुछ समय बाद पीड़िता को पता चला कि आरोपी अजय कुमार पहले से ही शादीशुदा है और उसकी 6 साल की एक बेटी भी है। जब पीड़िता ने इस बारे में सवाल किया, तो आरोपी के परिवार वालों ने बीच में आकर उसे झूठे झांसे और भरोसे में रखा। आरोपियों ने पीड़िता को भरोसा दिलाया कि वे अपने बेटे का उसकी पत्नी से तलाक करवा देंगे और उसकी शादी पीड़िता के साथ करवा देंगे।
इस झांसे में लेकर आरोपियों ने पीड़िता से अलग-अलग तरीकों से और उसके नाम पर लोन करवाकर भारी मात्रा में नकदी व पैसे ऐंठ लिए। लेकिन जब तलाक और शादी की बात आई, तो आरोपियों ने साफ मुकर कर दिया। पैसे वापस मांगने और विरोध करने पर आरोपी अब पीड़िता को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी अजय कुमार और उसके परिवारिक सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज कर दिया है।