Edited By Vatika,Updated: 27 May, 2026 09:28 AM

शेरपुर चौक के पास एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला कत्ल का मामला सामने आया है,
लुधियाना(राज): शेरपुर चौक के पास एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला कत्ल का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। यहाँ कुछ हैवानों ने इंसानियत की सारी हदें पार करते हुए एक अज्ञात युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। कातिलों ने युवक पर इस कदर गुस्सा उतारा कि उसके चेहरे और सिर पर भारी पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसका चेहरा पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो चुका है।
खाली प्लॉट में खून से लथपथ पड़ा था शव
वारदात की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को नामजद कर उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मृतक की शिनाख्त करने की कोशिशों में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक 26 मई को पुलिस को सूचना मिली कि एन.पी.सी. ट्रांसपोर्ट के पास एक खाली प्लॉट में खून से लथपथ एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस ने जब मामले की परतें खंगालनी शुरू कीं, तो बेहद चौंकाने वाली कहानी सामने आई। पड़ताल में पता चला कि मृतक युवक शराब के नशे में धुत होकर शेरपुर चौक के पास स्थित देसी और अंग्रेजी शराब के ठेके के नजदीक बैठा हुआ था। इसी दौरान आरोपी संदीप श्रीवास्तव और इशाक अली भी वहाँ शराब खरीदने पहुंचे। दोनों आरोपी खुद भी बेहद नशेड़ी किस्म के बताए जा रहे हैं। आरोप है कि दोनों ने पहले उस बेसुध युवक को सहारा देने का नाटक किया और उसे उठाकर पास के एक सुनसान खाली प्लॉट में ले गए।
वहाँ मामूली बात पर हुए झगड़े के बाद दोनों ने युवक को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया और पास ही पड़े भारी पत्थरों से उसके सिर और चेहरे को बुरी तरह कुचल डाला। युवक को तड़पता हुआ छोड़कर दोनों दरिंदे मौके से फरार हो गए, जिसके बाद अत्यधिक खून बहने के कारण युवक ने दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही दोनों आरोपी फरार चल रहे हैं। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों आरोपियों की पहचान संदीप श्रीवास्तव (निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश) और इशाक अली (निवासी बहराइच, उत्तर प्रदेश) के रूप में की है। थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का संगीन मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और बहुत जल्द दोनों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे धकेल दिया जाएगा।