Edited By Vatika,Updated: 26 Aug, 2026 01:51 PM

महानगर के नगर निगम कार्यालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल मिलने
लुधियाना (राज): महानगर के नगर निगम कार्यालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल मिलने से प्रशासनिक व पुलिस महकमे में भारी हड़कंप मच गया है। इससे पहले भी नगर निगम दफ्तर को उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। ताजा ईमेल में आतंकी संगठन बब्बर खालसा और तथाकथित खालिस्तान नेशनल आर्मी का हवाला देते हुए दोपहर 1:11 बजे निगम दफ्तर को निशाना बनाने और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर भी आपत्तिजनक व धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, बम निरोधक दस्ता और साइबर सेल अलर्ट मोड पर आ गए हैं।
ईमेल में लिखी गई भड़काऊ व धमकी भरी बातें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निगम के आधिकारिक पते पर भेजी गई इस मेल में पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के आत्मघाती हमलावर दिलावर सिंह बब्बर का महिमामंडन किया गया है और 31 अगस्त को लेकर भड़काऊ बातें लिखी गई हैं, मेल में लिखा गया है—"Municipal Office @1:11pm", जिससे निगम परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तुरंत अलर्ट जारी किया गया। हर सरकारी दफ्तर में दिलावर सिंह की तस्वीर लगाई जाए और 31 अगस्त को उसे याद किया जाए। मेल में मुख्यमंत्री भगवंत मान की तुलना करते हुए 5 सितंबर को बठिंडा में नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है।
ईमेल के नीचे दर्ज किए गए नाम व संगठन
ईमेल के अंत में तथाकथित 'KHALISTAN National ARMY' और 'Babbar Khalsa (Parmar-Canada)' का उल्लेख करते हुए कई फर्जी व संदिग्ध नाम लिखे गए हैं:
इंजी. गुरनख सिंह (रुकन शाहवाला)
डॉ. गुरनिरवैर सिंह (खान राजादा)
प्रो. गुरअकाल सिंह पीएचडी (खेमकरण)
प्रो. गुरअंगार सिंह (जंडियाला गुरु)
निगम दफ्तर में सुरक्षा कड़ी, साइबर सेल खंगाल रहा आईपी एड्रेस धमकी भरी ईमेल सामने आते ही पुलिस कमिश्नरेट लुधियाना ने तुरंत संज्ञान लिया। एहतियात के तौर पर नगर निगम मुख्यालय और जोन कार्यालयों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और डॉग स्क्वॉड व बम निरोधक दस्ते द्वारा परिसरों की सघन तलाशी ली जा रही है। साइबर क्राइम विंग ईमेल के सर्वर, वीपीएन (VPN) और आईपी एड्रेस को ट्रेस करने में जुट गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह शरारत विदेश से की गई है या किसी स्थानीय असामाजिक तत्व द्वारा माहौल खराब करने की साजिश है।