Edited By Vatika,Updated: 02 Sep, 2026 05:32 PM

शहर के साउथ सिटी रोड पर झम्मट पुल के नजदीक सर्विस लेन पर बुधवार को दो तेज रफ्तार गाड़ियों...
लुधियाना (राज): शहर के साउथ सिटी रोड पर झम्मट पुल के नजदीक सर्विस लेन पर बुधवार को दो तेज रफ्तार गाड़ियों के बीच जोरदार और भीषण टक्कर हो गई। आमने-सामने हुई इस भिड़ंत में होंडा अमेज कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और इम्पैक्ट इतना जबरदस्त था कि कार का एक पहिया टूटकर अलग जा गिरा।
दोनों गाड़ियों के चालक बाल-बाल बचे
गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और दोनों गाड़ियों के चालक बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी। रघुनाथ चौकी के एएसआई गुरप्रीत ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से झम्मट पुल के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया कि सर्विस लेन पर होंडा अमेज और इनोवा कार दोनों ही काफी तेज रफ्तार में चल रही थीं। सर्विस लेन पर अचानक दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और उनके बीच जोरदार टक्कर हो गई।
मौके से दोनों दुर्घटनाग्रस्त कारों को कब्जे में लिया
टक्कर का इम्पैक्ट इतना ज्यादा भयानक था कि होंडा अमेज कार आगे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका एक टायर टूटकर सड़क पर दूर जा गिरा। इसके साथ ही इनोवा कार को भी काफी भारी नुकसान पहुंचा है। हादसे के समय दोनों ही गाड़ियों में कोई अन्य सवारी या यात्री मौजूद नहीं था। गाड़ियों में सिर्फ दोनों चालक ही सवार थे, जिन्हें हादसे में मामूली चोटें आई हैं और उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिलाया गया। एएसआई गुरप्रीत ने स्पष्ट किया कि हादसे में किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस ने मौके से दोनों दुर्घटनाग्रस्त कारों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और कानून के अनुसार जो भी बनती कानूनी कार्रवाई होगी, वह अमल में लाई जाएगी।