Edited By Kalash,Updated: 17 Oct, 2026 09:45 AM

पंजाब सरकार की तरफ से प्रॉपर्टी की रजिस्ट्रियों की प्रक्रिया को सुविधाजनक, पारदर्शी और सरल बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया ईजी रजिस्ट्रेशन सिस्टम अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है।
जालंधर (चोपड़ा): पंजाब सरकार की तरफ से प्रॉपर्टी की रजिस्ट्रियों की प्रक्रिया को सुविधाजनक, पारदर्शी और सरल बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया ईजी रजिस्ट्रेशन सिस्टम अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। शुक्रवार को सर्वर ठप होने के कारण सब रजिस्ट्रार जालंधर-1 और सब रजिस्ट्रार जालंधर-2 कार्यालयों में ऑनलाइन दस्तावेजों को अप्रूवल देने का काम कई घंटों तक पूरी तरह प्रभावित रहा। इस दौरान प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री, वसीयत, पॉवर ऑफ अटॉर्नी, तबदील मलकियत जैसे दस्तावेजों को ऑनलाइन अप्रूवल कराने पहुंचे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विभागीय कामकाज शुरू होने के बाद सुबह करीब 11 बजे ईजी रजिस्ट्रेशन सिस्टम का सर्वर जवाब दे गया। उस समय तक दोनों कार्यालयों में केवल 2-3 दस्तावेजों को ही ऑनलाइन अप्रूवल मिल पाई थी। सर्वर बंद होने के कारण आगे की प्रक्रिया रुक गई और आवेदक अपने दस्तावेजों की अप्रूवल का इंतजार करते रहे। करीब 4 घंटे बाद दोपहर करीब 3 बजे सर्वर दोबारा चालू हुआ। हालांकि, तब तक अनेकों लोगों के निर्धारित स्लॉट का समय निकल चुका था। इस दौरान वेटिंग हॉल और कार्यालयों के बाहर लोगों की भीड़ का जमावड़ा लगा रहा। महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांग व्यक्तियों को विशेष तौर पर परेशानी झेलनी पड़ी।
प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त में अक्सर खरीदार और विक्रेता के बीच भुगतान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दस्तावेज सब रजिस्ट्रार कार्यालय में पेश किए जाते हैं। ऐसे में ऑनलाइन अप्रूवल रुकने से लोगों की चिंता बढ़ गई। खासकर उन लोगों के लिए स्थिति अधिक मुश्किल हो गई, जिन्होंने प्रॉपर्टी की खरीद के लिए भुगतान कर दिया था और अब रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे थे। अब शनिवार और रविवार को सरकारी अवकाश होने के कारण प्रभावित आवेदकों को अगले कार्यदिवस सोमवार तक इंतजार करने की नौबत आ गई।

सब रजिस्ट्रार-1 में 169 अप्वाइंटमेंट, 62 आवेदकों को नहीं मिली राहत
सब रजिस्ट्रार जालंधर-1 कार्यालय में आज कुल 169 लोगों ने ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट ली हुई थी। इनमें से देर शाम तक केवल 107 दस्तावेजों को ही ऑनलाइन अप्रूवल मिल पाई, जबकि बाकी 62 आवेदक निर्धारित स्लॉट का समय निकल जाने के कारण प्रभावित हुए। जिन लोगों के दस्तावेजों की अप्रूवल नहीं हो सकी, उनकी परेशानी सप्ताहांत की छुट्टियों के कारण और बढ़ गई।
सब रजिस्ट्रार-2 में 129 आवेदनों में से 61 के दस्तावेज अप्रूव
सब रजिस्ट्रार जालंधर-2 कार्यालय में भी ईजी रजिस्ट्रेशन सिस्टम की तकनीकी खराबी ने लोगों को परेशान किया। यहां कुल 129 आवेदकों ने ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट ली हुई थी, लेकिन देर शाम तक केवल 61 दस्तावेजों को ही ऑनलाइन अप्रूवल मिल सकी। बाकी 68 आवेदकों को अप्वाइंटमेंट लेने के बावजूद निर्धारित स्लॉट में काम पूरा न होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।

अधिकारियों की दूसरी ड्यूटी से भी प्रभावित हुआ काम
एक तरफ ईजी रजिस्ट्रेशन सिस्टम का सर्वर ठप रहा, वहीं दूसरी तरफ अधिकारियों की ड्यूटी अन्य कार्यों के लिए लगाए जाने से भी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हुआ। सब रजिस्ट्रार जालंधर-1 के गुरप्रीत सिंह को स्पेशल ड्यूटी पर भेज दिया गया, हालांकि उनकी यह ड्यूटी करीब डेढ़ घंटे तक ही रही। वहीं, सब रजिस्ट्रार जालंधर-2 कार्यालय में तैनात ज्वाइंट सब रजिस्ट्रार-2 जगतार सिंह को मुख्यमंत्री की ड्यूटी के लिए फिल्लौर भेज दिया गया।
हालांकि जगतार सिंह के स्थान पर किसी अन्य अधिकारी को अतिरिक्त चार्ज नहीं दिए जाने के कारण उनकी आईडी में आई अप्वाइंटमैंट के दस्तावेजों को अप्रूवल नहीं मिल सकी। बाद में जगतार सिंह मुख्यमंत्री की ड्यूटी से लौटकर शाम करीब 5 बजे कार्यालय पहुंचे और सिस्टम के अनुसार लंबित समय वाले कुछ दस्तावेजों की अप्रूवल का काम निपटाया। इस घटनाक्रम ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया कि जब रजिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण काम के लिए ऑनलाइन व्यवस्था लागू की गई है तो सर्वर की खराबी या अधिकारियों की अनुपलब्धता की स्थिति में वैकल्पिक इंतजाम क्यों नहीं किए गए।
सिस्टम की गलती का खामियाजा जनता क्यों भुगते : एस.पी. सिंह ढींगरा
समाजसेवी एवं लेडी केयर, मॉडल टाऊन के एम.डी. एस.पी. सिंह ढींगरा ने ईजी रजिस्ट्रेशन सिस्टम का सर्वर बंद होने पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि तकनीकी खराबी विभागीय व्यवस्था में है तो इसका खामियाजा आम जनता को क्यों भुगतना पड़े? लोग पहले से अप्वाइंटमैंट लेकर निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचते हैं। कई लोगों की प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त से संबंधित भुगतान प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी होती है। ऐसे में सर्वर की खराबी के कारण दस्तावेजों की अप्रूवल रुकना उनके लिए आर्थिक और मानसिक परेशानी पैदा करता है। एस.पी. सिंह ढींगरा ने मांग ने की कि विभाग ऐसी व्यवस्था लागू करे,जिसके तहत सर्वर में तकनीकी दिक्कत आने पर निर्धारित स्लॉट का समय निकल जाने के बावजूद प्रभावित लोगों के दस्तावेजों को ऑनलाइन अप्रूवल देने की सुविधा मिल सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here