Edited By Vatika,Updated: 17 Oct, 2026 10:43 AM

दीवाली और दशहरे के त्यौहारों के दौरान ऑनलाइन खरीदारी में बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट जालंधर
जालंधर: दीवाली और दशहरे के त्यौहारों के दौरान ऑनलाइन खरीदारी में बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट जालंधर ने लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों को आगाह किया है कि त्यौहारों के दौरान साइबर अपराधी आकर्षक ऑफर, भारी छूट और सस्ते सामान का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर सकते हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्यौहारों की खुशियां मनाते समय ऑनलाइन धोखाधड़ी से सावधान रहना भी बेहद जरूरी है, ताकि लोगों की मेहनत की कमाई और बैंकिंग संबंधी जानकारी सुरक्षित रह सके। पुलिस कमिश्नर सतिन्द्र सिंह ने कहा कि कई साइबर ठग त्यौहारों पर फर्जी वैबसाइटें और भ्रामक विज्ञापन तैयार करते हैं। इन पर महंगे सामान को बेहद कम कीमत पर उपलब्ध कराने या अविश्वसनीय छूट देने का दावा किया जाता है। ऐसे ऑफर देखकर लोग जल्दबाजी में खरीदारी कर लेते हैं और भुगतान के दौरान उनकी बैंकिंग जानकारी या पैसे ठगों के हाथ लग सकते हैं। कई बार संदिग्ध लिंक के माध्यम से लोगों को ऐसी वैबसाइटों पर पहुंचाया जाता है, जहां उनकी निजी और वित्तीय जानकारी चुराने का प्रयास किया जाता है। इसलिए पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि किसी भी आकर्षक ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें।
पुलिस ने ऑनलाइन खरीदारी के लिए जारी की जरूरी सलाह
पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल विश्वसनीय और आधिकारिक वैबसाइटों से ही खरीदारी करें। भुगतान करने से पहले वैबसाइट के यू.आर.एल. की अच्छी तरह जांच करें और किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। पुलिस ने विशेष रूप से चेतावनी दी है कि किसी भी व्यक्ति के साथ ओ.टी.पी., सी.वी.वी., ए.टी.एम. या बैंकिंग पिन तथा खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी सांझा न करें। पुलिस कमिश्नरेट ने यह भी कहा है कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो उसे बिना देरी किए साइबर अपराध हैल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए। आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए नागरिक 112 नंबर पर कॉल कर सकते हैं।