Edited By VANSH Sharma,Updated: 05 Aug, 2026 08:46 PM

जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में मंगलवार देर रात हुई फायरिंग की घटना ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
जालंधर : जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में मंगलवार देर रात हुई फायरिंग की घटना ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, लेकिन सामने आए CCTV फुटेज ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। जानकारी के अनुसार एक्साइज विभाग की टीम इलाके में छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई और जवाबी फायरिंग की भी बात सामने आई।
इस बीच वायरल CCTV फुटेज में मॉडल टाउन के शराब कारोबारी कुणाल सहगल घटनास्थल पर मौजूद दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में कथित तौर पर वही गाड़ी नजर आती है, जिसमें वह मौके पर पहुंचे थे। दावा किया जा रहा है कि उसी गाड़ी से उतरे एक व्यक्ति ने फायरिंग की और घटना के बाद सभी लोग उसी वाहन में सवार होकर वहां से चले गए।
यहीं से पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। यदि एक्साइज विभाग की टीम आधिकारिक कार्रवाई के लिए मौके पर गई थी, तो एक निजी शराब ठेकेदार की वहां क्या भूमिका थी? यदि उसके पास किसी अवैध गतिविधि की सूचना थी, तो वह केवल विभाग को जानकारी देकर कार्रवाई होने देता। ऐसे में उसका स्वयं मौके पर मौजूद होना और फायरिंग के दौरान वहीं दिखाई देना कई सवाल खड़े कर रहा है।

मामले का एक और अहम पहलू यह है कि अब तक पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई या दर्ज किए गए मामले में शराब कारोबारी का कोई उल्लेख नहीं किया गया है, जबकि CCTV फुटेज में उसकी कथित मौजूदगी साफ दिखाई दे रही है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या पुलिस इस पहलू की भी जांच करेगी और घटनास्थल पर मौजूद सभी लोगों की भूमिका की निष्पक्ष पड़ताल होगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है और आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here