Edited By VANSH Sharma,Updated: 05 Aug, 2026 07:12 PM

त्योहारी सीजन से पहले जालंधर में सेहत विभाग ने मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध डेयरी उत्पादों पर शिकंजा कस दिया।
जालंधर: त्योहारी सीजन से पहले जालंधर में सेहत विभाग ने मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध डेयरी उत्पादों पर शिकंजा कस दिया। विभाग की टीम ने तड़के शहर के मॉडल हाउस स्थित एक डेयरी और जमशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स में छापेमारी कर करीब 1,000 किलो संदिग्ध पनीर और 68 किलो मिल्क क्रीम को सीज कर दिया।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने डेयरी से पनीर, दूध, घी और दही समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 9 सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए। अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिक जांच में मिलावट की आशंका के चलते पनीर और मिल्क क्रीम का पूरा स्टॉक सील कर दिया गया।
जांच के दौरान डेयरी संचालक संबंधित रिकॉर्ड और जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। वहीं, अधिकारियों ने यह भी पता लगाया कि पनीर कहां तैयार किया जा रहा था और उसकी सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी। अब पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
सेहत विभाग का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए निगरानी और छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचाई जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here