Edited By Vatika,Updated: 30 Oct, 2026 12:59 PM

जालंधर में एक बार फिर बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है।
जालंधर(सोनू): जालंधर में एक बार फिर बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। इस बार शहर के दो स्कूलों के साथ-साथ रेलवे ट्रैक को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, ई-मेल के जरिए आर्मी पब्लिक स्कूल और एपीएस पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ई-मेल में आज दोपहर 12:11 बजे स्कूलों में धमाके करने की बात कही गई है। इसके अलावा रेलवे ट्रैक पर भी आईईडी ब्लास्ट करने की धमकी दी गई है। ई-मेल में 1 नवंबर को दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में सफर न करने की चेतावनी देते हुए अमृतसर, फिरोजपुर, लुधियाना और बठिंडा के रेलवे ट्रैक पर धमाके करने का जिक्र किया गया है। इसके साथ ही राहुल गांधी के संगरूर दौरे के दौरान भी ब्लास्ट करने की धमकी दी गई है।
धमकी भरा ई-मेल सामने आने के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। सुरक्षा के मद्देनजर दोनों स्कूलों की इमारतों की जांच की जा रही है। वहीं, रेलवे ट्रैक को लेकर भी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया है। फिलहाल धमकी की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है।