Edited By Urmila,Updated: 20 Oct, 2026 11:43 AM

थाना 8 की पुलिस ने लोगों को तेजधार हथियार दिखा कर सोने के लॉकेट लूटने वाले 2 लुटेरों को गिरफ्तार किया है।
जालंधर (वरुण): थाना 8 की पुलिस ने लोगों को तेजधार हथियार दिखा कर सोने के लॉकेट लूटने वाले 2 लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी निहंग सिंह के भेष में आकर वारदातें करता था। आरोपियों ने शहर से कुल 4 सोने के लॉकेट लूटे थे जिसे मात्र 20 हजार रुपए में बेच दिया गया।
थाना 8 के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले बाइक सवार 2 लुटेरों ने ट्रांसपोर्ट नगर में से एक व्यक्ति को तेजधार हथियार दिखा कर उससे सोने का लॉकेट लूट लिया था। थाना 8 में पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज करते हुए ए.एस.आई. साहिब सिंह ने जांच शुरू की तो मल्टीपल सोर्सिस की मदद से लुटेरों की पहचान कर ली गई। दोनों लुटेरे कपूरथला के रहने वाले निकले।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी फिर से थाना 8 के इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने के लिए बाइक पर घूम रहे हैं जिसके बाद ए.एस.आई. साहिब सिंह ने अपनी टीम के साथ ट्रैप लगा कर दोनों को काबू कर लिया। आरोपी की पहचान सिमरनजीत सिंह उर्फ गोलू पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी बाबा नामदेव कालोनी कपूरथला और गुरचरणजीत सिंह उर्फ चन्न पुत्र भूपिंदर सिंह निवासी मोहल्ला संत पुरा कपूरथला के रुप में हुई।
पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी दिखा कर उन्हें 3 दिन के रिमांड पर लिया। आरोपियों से पूछताछ शुरू हुई तो पता लगा कि उक्त लोगों ने शहर के कई इलाकों से इसी तरह लोगों के सोने के लॉकेट लूट रखे हैं।
एस.एच.ओ. राकेश कुमार ने बताया कि 7 अक्तूबर को दोमोरिया पुल के पास इन्हीं बाइक सवार लुटेरों ने ट्यूशन पढ़ कर घर लौट रहे साइकिल सवार बच्चे को तेजधार हथियार दिखा कर उससे सोने का लॉकेट लूट लिया था। इसके अलावा आरोपियों ने मकसूदां चौक से भी एक व्यक्ति से सोने का लॉकेट लूटा था और थाना बस्ती बावा खेल के इलाके में भी आरोपी सोने का लॉकेट लूट चुके हैं। जिस बाइक पर वह वारदातों को अंजाम देते थे, पुलिस ने उक्त बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपियों से पुलिस अन्य वारदातों को लेकर भी पूछताछ कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here