Ludhiana में जुआ माफिया का बेखौफ खेल, होटल बदल-बदलकर लग रहा लाखों का दांव

Edited By Kamini,Updated: 02 Oct, 2026 03:57 PM

gambling mafia in ludhiana

त्योहारों का सीजन नजदीक आते ही महानगर में जुआ माफिया ने एक बार फिर अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं।

लुधियाना (राज): त्योहारों का सीजन नजदीक आते ही महानगर में जुआ माफिया ने एक बार फिर अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। थाना हैबोवाल के अंतर्गत आते हैबोवाल कलां इलाके में भूरी वाला गुरुद्वारा साहिब और मेन चौक के इर्द-गिर्द स्थित निजी होटलों में खुलेआम जुए की महफिलें सजने लगी है। जुए का यह अवैध नेटवर्क चलाने वाले मुख्य संचालक खुद हैबोवाल इलाके के ही पुराने शातिर बताए जा रहे हैं। ये लोग पुलिस और कानून से बचने के लिए लगातार होटल बदल-बदल कर कमरों में लाखों रुपये के दांव लगवा रहे हैं।

विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस गिरोह ने हैबोवाल कलां स्थित भूरी वाला गुरुद्वारे के नजदीक एक होटल को अपना प्रमुख अड्डा बना रखा है। कार्रवाई के डर और मुखबिरी से बचने के लिए यह गिरोह कभी गुरुद्वारा साहिब के पास वाले होटल में कमरा बुक करता है, तो कभी हैबोवाल मेन चौक के नजदीक स्थित होटलों में अपना डेरा जमा लेता है। हर दूसरे-तीसरे दिन होटल और कमरा नंबर बदल दिए जाते हैं, ताकि किसी को लंबे समय तक एक ही जगह पर शक न हो सके। इन होटलों के कमरों में दिन-रात ताश के पत्तों पर लाखों रुपये का दांव लगाया जा रहा है।

पिछली दिवाली पर पुलिस लाइन के सामने से हुए थे गिरफ्तार

सूत्रों का कहना है कि यह जुआरी गिरोह कानून की नजरों में कोई नया नहीं है। पिछली दिवाली से ठीक पहले भी थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के सदस्यों को पुलिस लाइन के ठीक सामने स्थित एक गली में जुआ खेलते हुए रंगे हाथों दबोचा था। उस समय पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकदी और ताश के पत्ते बरामद कर इनके खिलाफ गैंबलिंग एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि, अदालत से जमानत मिलने के कुछ ही समय बाद इन आरोपियों ने सुधरने के बजाय दोबारा संगठित होकर नए सिरे से जुए का यह नेटवर्क खड़ा कर लिया।

दिवाली आते ही बढ़ा खेल, पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल

आगामी त्योहारों और दिवाली के मद्देनजर सट्टा और जुआ माफिया पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। इलाके के कई रईसजादों और व्यापारियों को इन होटलों में बुलाकर दांव लगवाए जा रहे हैं, जिससे कई परिवार आर्थिक तबाही की ओर बढ़ रहे हैं।स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इलाके में चल रहे इस अवैध खेल की जानकारी स्थानीय पुलिस मुलाजिमों और अधिकारियों को भी है, लेकिन कथित मिलीभगत और 'सैटिंग' के चलते इन जुआरियों के खिलाफ कोई कानूनी शिकंजा नहीं कसा जा रहा। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस कमिश्नर लुधियाना से मांग की है कि हैबोवाल कलां के संदिग्ध होटलों में स्पेशल टीमों द्वारा आकस्मिक छापेमारी करवाई जाए और होटल प्रबंधन व जुआरियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर इस रैकेट को नेस्तनाबूद किया जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!