Edited By Kalash,Updated: 02 Mar, 2026 10:40 AM

शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अबू धाबी और दुबई जाने वाली कई फ्लाइट्स को मौजूदा तनावपूर्ण हालातों के कारण रद्द कर दिया गया है।
चंडीगढ़ (अंकुर): शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अबू धाबी और दुबई जाने वाली कई फ्लाइट्स को मौजूदा तनावपूर्ण हालातों के कारण रद्द कर दिया गया है। खास तौर पर इंडिगो द्वारा रविवार और सोमवार को फ्लाइट्स कैंसिल करने की पुष्टि की है। एयरलाइंस द्वारा पैसेंजर्स को सलाह दी जा रही हैं कि एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट्स का स्टेटस चेक कर लें। मौजूदा इंटरनेशनल हालात को देखते हुए चंडीगढ़ से अबू धाबी और दुबई जाने वाली फ्लाइट्स पर असर पड़ा है। जानकारी के मुताबिक रविवार को दुबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट आखिरी समय में कैंसिल कर दी गई। इसके अलावा सोमवार को अबू धाबी जाने वाली फ्लाइट भी कैंसिल करने की बात सामने आ रही है।
एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइन अधिकारियों द्वारा बताया गया है कि हालातों में तनाव के कारण सुरक्षा को पहल दी जा रही है। कुछ इंटरनेशनल रूट्स में तबदीली करके उड़ानों को लंबे रास्ते से चलाने की कोशिश की जा रही है ताकि संवेदनशील इलाकों से बचा जा सके पर कई मामलों में ये संभव नहीं हो सका, जिस कारण उड़ानों को रद्द करना पड़ा। जानकारी के अनुसार रोजाना करीब 200 से 250 यात्री चंडीगढ़ से अबू धाबी और दुबई की यात्रा करते हैं। इनमें से बड़ी संख्या में स्किल्ड वर्कर्स हैं जो वहां काम करते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग घूमने-फिरने भी जाते हैं। फ्लाइट्स कैंसिल होने की वजह से कई पैसेंजर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद घर लौटने को मजबूर हुए, जबकि कई विदेश में भी फंसे हुए हैं और अपने परिवार के साथ लगातार संपर्क में हैं।
एयरलाइंस द्वारा यात्रियों को कहा गया है कि वह अपनी टिकट का स्टेटस ऑनलाइन या कस्टमर केयर से चेक करें। रिफंड और रीशेड्यूलिंग के ऑप्शन भी दिए जा रहे हैं। इंडिगो ने खास तौर पर पैसेंजर को भरोसा दिलाया है कि जिनकी फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं, उन्हें पूरा रिफंड दिया जाएगा या अगली उपलब्ध फ्लाइट में बिठाया जाएगा। एयरपोर्ट एडमिनिस्ट्रेशन ने भी पैसेंजर से अपील की है कि वे बिना सही जानकारी के एयरपोर्ट न पहुंचें ताकि उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। मौजूदा तनावपूर्ण हालात को देखते हुए, अगले कुछ दिनों तक फ्लाइट शेड्यूल में और बदलाव भी हो सकते हैं। अभी हालात पर नजर रखी जा रही है और जैसे ही हालात नॉर्मल होंगे, नॉर्मल ऑपरेशन फिर से शुरू करने का फैसला लिया जाएगा। पैसेंजर से रिक्वेस्ट है कि वे सब्र रखें और सिर्फ ऑफिशियल जानकारी पर ही भरोसा करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here