Edited By Kamini,Updated: 30 Oct, 2026 03:50 PM

बेहद घनी आबादी और संकरी गलियों वाले फील्ड गंज इलाके में उस समय भारी अफरा-तफरी और दहशत का माहौल पैदा हो गया, जब यहां स्थित एक विशाल गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी।
लुधियाना (राज) : बेहद घनी आबादी और संकरी गलियों वाले फील्ड गंज इलाके में उस समय भारी अफरा-तफरी और दहशत का माहौल पैदा हो गया, जब यहां स्थित एक विशाल गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग की विकराल लपटों और आसमान में उठते काले धुएं के घने गुबार को देखकर आसपास के रिहायशी मकानों में रहने वाले लोगों में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के मुताबिक, गोदाम के अंदर मौजूद एक युवक की मौत हो गई, जिसकी पहचान साहिल के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इस गोदाम में अवैध रूप से भारी मात्रा में पटाखों का जखीरा डंप किया गया था, जिसके चलते आग ने चंद मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। वहीं, राजनीतिक गलियारों और स्थानीय सूत्रों में यह बात तेजी से फैल गई है कि यह गोदाम सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के एक स्थानीय नेता से जुड़ा हुआ है, जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया है। फील्ड गंज क्षेत्र की तंग गलियों के बीच स्थित इस गोदाम में लगी आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि लपटें कई मीटर ऊंची उठने लगीं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के खिलाफ भारी रोष जताते हुए आरोप लगाया कि त्योहारों के मद्देनजर नियमों को पूरी तरह ताक पर रखकर इस घनी आबादी वाले इलाके में अवैध रूप से भारी मात्रा में पटाखे और ज्वलनशील सामग्री छिपाकर रखी गई थी।
लोगों का कहना है कि रिहायशी मकानों के बिल्कुल बीचों-बीच पटाखों का ऐसा अवैध स्टॉक जमा करना सीधे तौर पर सैकड़ों मासूम जिंदगियों को दांव पर लगाने जैसा है। अगर समय रहते लोग बाहर न निकलते, तो यहां कोई बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद इलाके में सबसे बड़ा चर्चा का विषय गोदाम की मिल्कियत को लेकर बना हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, जिस गोदाम में आग लगी है, उसका संबंध सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के एक स्थानीय नेता से बताया जा रहा है। इस बात की भनक लगते ही पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों में भी सतर्कता बढ़ गई है। विपक्षी दल और स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या सियासी रसूख और मिलीभगत के चलते शहर के बीचों-बीच बिना किसी एनओसी और फायर सेफ्टी मानकों के पटाखों का गैर-कानूनी गोदाम संचालित किया जा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, फील्ड गंज की संकरी गलियां होने के कारण फायर टेंडरों को घटनास्थल तक पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल कर्मी जान जोखिम में डालकर आग के केंद्र तक पहुंचे और पानी की तेज बौछारें डालकर लपटों पर काबू पाने की जद्दोजहद में जुटे रहे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here