Edited By Kalash,Updated: 31 Mar, 2026 02:17 PM

कांग्रेस से जुड़े नेता के बेटे की आत्महत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए तीन बिल्डरों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है।
बठिंडा (विजय वर्मा): कांग्रेस से जुड़े नेता के बेटे की आत्महत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए तीन बिल्डरों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने आरोपियों के विदेश भागने की आशंका को देखते हुए उनके खिलाफ एलओसी (लुक आउट सर्कुलर) जारी कर दिया है, ताकि वे देश छोड़कर फरार न हो सकें।
एसपी सिटी नरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले में नामजद आरोपी बिंदरपाल, प्रतीक मित्तल और भरत मित्तल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। मोबाइल बंद कर हुए भूमिगत, पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी घटना के बाद से अपने मोबाइल फोन बंद कर चुके हैं और भूमिगत हो गए हैं, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। हालांकि, पुलिस का दावा है कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मामले में सामने आए सुसाइड नोट और करीब 8 मिनट 45 सेकंड के वीडियो ने पूरे केस को और गंभीर बना दिया है। मृतक ने अपनी मौत के लिए सीधे तौर पर उक्त बिल्डर परिवार को जिम्मेदार ठहराया था, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया। घटना के बाद शहर में माहौल गरमाया हुआ है। मृतक के परिवार और समर्थकों की ओर से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। वहीं, इस मामले ने बिल्डर लॉबी और उनके तौर-तरीकों पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का दावा—“जल्द होंगे सलाखों के पीछे”
एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here