Edited By Vatika,Updated: 09 May, 2022 10:19 AM

मोबाइल पर वीडियो बनाकर फंदे से लटकने से पहले बोला युवक
लुधियाना(राज): प्यार में धोखा मिलने से परेशान हुए युवक ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया, मगर मरने से पहले उसने अपने मोबाइल पर वीडियो बनाई और बोला कि मैं पलक से प्यार करता था, जो किसी और के साथ घूम रही थी, इसलिए मैं अपनी जान दे रहा हूं। इसके बाद वह फंदे से झूल गया। घटना का पता तब चला जब परिवार वाले घर पहुंचे। मृतक मनीष कुमार (22) है, जोकि छावनी मोहल्ले का रहने वाला है। सूचना के बाद थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने सिविल अस्पताल पहुंचाया।इस मामले में पुलिस ने परिवार की शिकायत पर आरोपी युवती पलक और उसके साथी युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक मनीष कुमार एक दुकान में काम करता था। वह पलक नाम की लड़की के साथ प्यार करता था। शनिवार को वह डॉक्टर के पास दवा लेने के लिए गया था जहां रास्ते में उसने उक्त लड़की को किसी और लड़के के साथ देख लिया। उसने उसे कॉल की मगर लड़की ने कॉल नहीं उठाई। इसके बाद युवक अपनी दुकान पर चला गया, जहां उसने दुकान मालिक से कहा कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए वह घर पर जा रहा है जिसके बाद वह घर चला गया। घर जाकर उसने मोबाइल पर वीडियो बनाई कि वह उक्त लड़की से प्यार करता है, मगर वह किसी और के साथ घूमती है। उक्त लड़की उसे प्यार नहीं करती, इसलिए वह जान दे रहा है जिसमें उसके परिवार का कोई कसूर नहीं है। इसके बाद वह फंदे से झूल गया।
मृतक के पिता का आरोप है कि उसके बेटे की मौत की जिम्मेदार पलक और उसका दोस्त हैं जोकि उसके बेटे को धमकाते थे।उधर, एसएचओ एस.आई. गुरजीत सिंह का कहना है कि युवक ने मोबाइल पर वीडियो बनाई थी जिसके आधार पर लड़की और युवक के खिलाफ आत्महत्या के मजबूर करने का केस दर्ज किया है। वहीं, मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर वारिसों के हवाले कर दिया है।