Barnala: जर्जर मकान बना आफत, मलबे में दबा घर का कीमती सामान

Edited By Kamini,Updated: 25 Jul, 2026 07:18 PM

collapsed roof of the house

एक प्रवासी मजदूर के किराए के मकान की जर्जर छत अचानक भरभराकर गिर गई।

बरनाला  (विवेक सिंधवानी): बरनाला में एक घर की छत गिरने का मामला सामने आया है। शहर के वार्ड नंबर-15 स्थित शहीद भगत सिंह नगर में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक प्रवासी मजदूर के किराए के मकान की जर्जर छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय परिवार घर के बाहर बैठा हुआ था, जिससे सभी की जान बच गई, लेकिन घर के अंदर रखा लगभग पूरा घरेलू सामान मलबे के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।

पीड़ित परिवार ने करीब 70 हजार रुपये के नुकसान का दावा करते हुए जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। पीड़ित संत राम ने बताया कि वह लंबे समय से अपने परिवार के साथ इस किराए के मकान में रह रहा है। मकान की छत काफी समय से जर्जर अवस्था में थी। शनिवार सुबह अचानक छत ढह गई। संयोग से उस समय वह और उसके परिवार के सदस्य घर के बाहर बैठे हुए थे। यदि वे घर के अंदर होते तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।

छत गिरने से घर में रखा वाशिंग मशीन, फ्रिज, पंखे, कूलर, गैस चूल्हा, प्लास्टिक की कुर्सियां, बिस्तर तथा अन्य घरेलू सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। संत राम ने बताया कि उसने मजदूरी कर वर्षों की मेहनत से यह सामान खरीदा था, जो कुछ ही पलों में मलबे में तब्दील हो गया। इस नुकसान से उसका परिवार गहरे आर्थिक संकट में आ गया है।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की कि शहर में जर्जर और खस्ताहाल मकानों का सर्वे कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में ऐसे पुराने मकान कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। पीड़ित संत राम ने जिला प्रशासन से अपील की कि उसके नुकसान का उचित आकलन कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि वह दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता है और इतनी बड़ी क्षति की भरपाई स्वयं करना उसके लिए संभव नहीं है।स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासन से आग्रह किया कि जरूरतमंद परिवार को तत्काल राहत प्रदान करने के साथ-साथ असुरक्षित भवनों की समय रहते जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी की जान जोखिम में न पड़े।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!