Edited By Kamini,Updated: 02 Oct, 2026 11:21 AM

अति-पॉश इलाके सराभा नगर रोड पर गुरु नानक पब्लिक स्कूल के नजदीक शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे डाली।
लुधियाना (राज): अति-पॉश इलाके सराभा नगर रोड पर गुरु नानक पब्लिक स्कूल के नजदीक शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे डाली। जिम के बाहर स्कूटी पार्क कर रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली गई। जब महिला और आसपास के लोगों ने पीछा किया, तो लुटेरों ने पकड़ने दौड़े एक साहसी युवक पर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला कर उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया।
वारदात के दौरान हड़बड़ाहट में भाग रहे बदमाशों की जेब से 2 जिंदा कारतूस भी सड़क पर गिर गए, जिससे मौके पर भारी सनसनी फैल गई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। किचलू नगर की रहने वाली पीड़िता अमनप्रीत कौर ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह करीब 8:10 बजे अपने घर से सराभा नगर रोड स्थित जिम जाने के लिए निकली थी और करीब 8:15 बजे जिम पहुंची। जैसे ही वह जिम के बाहर पार्किंग एरिया में अपनी एक्टिवा खड़ी कर रही थी, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए 2 युवकों ने पलक झपकते ही उसके गले में पहनी सोने की चेन पर जोरदार झपट्टा मार दिया। छीना-झपटी के दौरान आधी चेन टूटकर नीचे गिर गई, जबकि आधी चेन लेकर लुटेरे बाइक भगाने लगे। अमनप्रीत कौर की गर्दन पर भी नाखूनों और झपट्टे से गहरी खरोंचें व चोटें आईं।
वारदात के बाद अमनप्रीत कौर ने हिम्मत नहीं हारी और 'चोर-चोर' का शोर मचाते हुए काफी दूर तक लुटेरों की बाइक के पीछे दौड़ी। भागने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिरकर चोटिल हो गई। रास्ते में मौजूद सफाई कर्मचारियों ने भी बाइक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश उन्हें धक्का देकर तेजी से कट मारकर निकल गए। इसी दौरान जिम के नजदीक स्थित एक कैफे के बाहर बैठे युवक गुरदीप सिंह ने जैसे ही महिला का शोर सुना, वह तुरंत बिना जान की परवाह किए बदमाशों को दबोचने के लिए सड़क की ओर दौड़ा। गुरदीप ने जब बाइक सवार एक बदमाश को पकड़ने की कोशिश की, तो पीछे बैठे लुटेरे ने अपने पास छिपाकर रखा तेजधार हथियार (दात) निकाल लिया और गुरदीप पर सीधा वार कर दिया। दात का वार लगते ही गुरदीप का हाथ कट गया और खून का फव्वारा फूट पड़ा। खून से लथपथ गुरदीप वहीं बैठ गया, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे फौरन संभाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
हमले के बाद जब बदमाश तेजी से बाइक मोड़कर भाग रहे थे, तो हड़बड़ाहट में उनकी जेब या कमर से 2 जिंदा कारतूस सड़क पर गिर पड़े। सड़क पर कारतूस मिलने से यह साफ हो गया कि बदमाश न केवल तेजधार हथियारों बल्कि अवैध पिस्तौल से भी लैस होकर वारदात को अंजाम देने आए थे। दिनदहाड़े स्कूल और पॉश मार्केट के पास जिंदा कारतूस मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। अफरा-तफरी के कारण पीड़िता या प्रत्यक्षदर्शी बाइक का पूरा नंबर नोट नहीं कर सके।
पीड़िता अमनप्रीत कौर और स्थानीय लोगों ने पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष जताया। पीड़िता का आरोप है कि वारदात के तुरंत बाद 112 कंट्रोल रूम पर सूचना दे दी गई थी, लेकिन करीब एक घंटे तक कोई भी पुलिसकर्मी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा और वे घायल हालत में इंतजार करते रहे। दूसरी ओर, मौके पर पहुंचे एएसआई (ASI) परमानंद ने देरी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जैसे ही 112 कंट्रोल रूम से मैसेज फ्लैश हुआ, पुलिस पीसीआर टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। जांच अधिकारी एएसआई परमानंद ने बताया कि घटनास्थल से सड़क पर गिरे कारतूसों को कब्जे में ले लिया गया है। महिला के अनुसार सोने की चेन का आधा हिस्सा बदमाश ले भागे हैं, जबकि आधा हिस्सा मौके पर बरामद हुआ है।
पुलिस ने सराभा नगर रोड, गुरु नानक पब्लिक स्कूल के आसपास और नजदीकी कैफे व दुकानों के बाहर लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज में बाइक सवार दोनों संदिग्धों की तस्वीरें कैद हुई हैं। पुलिस का कहना है कि घायल युवक गुरदीप सिंह के बयान दर्ज कर मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जानलेवा हमला, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है और जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here