पाकिस्तानी जासूस पकड़े जाने का मामला: जूतों की दुकान बनाकर सल्पिर सेल रछपाल सिंह ने लगाए थे कैमरे, बड़ी आतंकी वारदात की फिराक में थी ISI

Edited By Vatika,Updated: 29 Aug, 2026 08:50 AM

case of the arrested pakistani spy

पंजाब को दहलाने और देश की सुरक्षा में सेंध लगाने की पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आई.एस.आई.

लुधियाना,(राज) : पंजाब को दहलाने और देश की सुरक्षा में सेंध लगाने की पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आई.एस.आई. की एक और खतरनाक साजिश का लुधियाना में पर्दाफाश हुआ है। शहर के व्यस्त फिरोजपुर रोड पर जूतों की दुकान की आड़ में रहकर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले 22 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी जूतों की दुकान के बाहर लगे हाई-टेक सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड सीधे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों तक पहुंचा रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रछपाल सिंह के रूप में हुई है, जोकि गुरदासपुर के गांव सर्फ कोट का रहने वाला है।

जूतों की दुकान की आड़ में चल रहा था देशविरोधी खेल
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी रछपाल सिंह पाकिस्तान का जासूस है, जोकि लुधियाना के फिरोजपुर रोड स्थित न्यू सुंदर नगर में मेडवेज अस्पताल के ठीक सामने, प्लॉट नंबर-01 पर एक दुकान किराए पर ली हुई थी। यहां वह दिखावे के लिए जूते-चप्पल बेचने का काम करता था, लेकिन असल में दुकान की आड़ में छिपकर लुधियाना शहर की तमाम गतिविधियों और संवेदनशील इनपुट्स को पाकिस्तानी आकाओं तक पहुंचा रहा था।

सीसीटीवी कैमरों का सीधा एक्सेस पाकिस्तान के पास :
जांच में बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी ने दुकान के बाहर विशेष सीसीटीवी कैमरे लगाए हुए थे। इन कैमरों की सीधी तस्वीरों, लाइव वीडियो और डिजिटल निगरानी का पूरा एक्सेस पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स को दिया गया था। इन कैमरों के जरिए सीमा पार बैठे आतंकी और खुफिया एजेंसी के लोग लुधियाना शहर की सडक़ों, वीआईपी रूटों और संभावित सैन्य मूवमेंट्स पर 24 घंटे पैनी नजर रख रहे थे।

फोन कॉल्स पर धमकियां और बड़ी वारदात की साजिश :
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी रछपाल सिंह अलग-अलग फर्जी व अज्ञात मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर लोगों को धमकियां भी देता था। पुलिस को पुख्ता आशंका है कि इस लाइव निगरानी और सूचना तंत्र का इस्तेमाल लुधियाना में किसी बड़ी आतंकी या देशविरोधी वारदात को अंजाम देने की साजिश के तहत किया जा रहा था।

काऊंटर इंटेलिजेंस और पुलिस ने बिछाया जाल, 26 अगस्त को दबोचा :
मामले का खुलासा तब हुआ जब थाना सराभा नगर के सब-इंस्पेक्टर अर्शदीप सिंह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान एक खास मुखबिर ने पुलिस को आरोपी की देशविरोधी गतिविधियों की सटीक सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जाल बिछाया और रछपाल सिंह को धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ 27 अगस्त को संबंधित संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मोबाइल डंप डेटा और पाकिस्तानी हैंडलर्स की कुंडली खंगाल रही पुलिस :
फिलहाल जांच एजेंसियां आरोपी के जब्त मोबाइल फोन और सीसीटीवी उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पाकिस्तान में किन-किन खुफिया अधिकारियों और हैंडलर्स को कैमरों का लाइव एक्सेस दिया गया था। आरोपी किन विदेशी नंबरों के सीधे संपर्क में था और उसे इसके बदले कितनी फंडिंग मिल रही थी। इसके अलावा धमकी भरे फोन कॉल्स का इस जासूसी नेटवर्क और आगामी साजिश से क्या सीधा संबंध था।

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!