Edited By Kalash,Updated: 25 Jul, 2026 12:53 PM

पुलिस कमिश्नरेट अमृतसर के अधीन थाना मजीठा रोड पुलिस ने हत्या की कोशिश करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
अमृतसर (जशन): पुलिस कमिश्नरेट अमृतसर के अधीन थाना मजीठा रोड पुलिस ने हत्या की कोशिश करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतनाम सिंह और राजप्रीत सिंह उर्फ बिल्ला दोनों निवासी गांव चब्बा, जिला अमृतसर के रूप में हुई है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि राजप्रीत सिंह उर्फ बिल्ला के खिलाफ साल 2021 में थाना चाटीविंड में हत्या का मामला भी दर्ज है।
नौकरी से निकाले जाने के विवाद ने लिया हिंसक रूप
पुलिस के मुताबिक यह मामला शिकायतकर्ता सरप्रीत सिंह के बयानों पर दर्ज किया गया था। सरप्रीत सिंह एक होटल में काम करता था, जबकि आरोपी सतनाम सिंह उसी होटल में वैलेट पार्किंग ड्राइवर था। नौकरी से निकाले जाने के बाद सतनाम सिंह को शक था कि उसे नौकरी से निकलवाने में सरप्रीत सिंह का हाथ है।
जानकारी के मुताबिक 24 जून की शाम को होटल के बाहर दो पक्षों में कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इस दौरान सतनाम सिंह के साथ आए उसके साथी राजप्रीत सिंह उर्फ बिल्ला ने पिस्तौल से फायरिंग कर दी। गोली शिकायतकर्ता के दोस्त नरिंदर सिंह के पैर में लगी, जिसके बाद पुलिस ने हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
23 जुलाई को चौकी फैजपुरा इंचार्ज A.S.I. अमरजीत सिंह की टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान हथियारों के सोर्स, घटना में शामिल दूसरे आरोपियों और उनके संभावित क्रिमिनल नेटवर्क के बारे में गहराई से पूछताछ की जाएगी। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here