Edited By Urmila,Updated: 01 Jan, 2023 10:35 AM

राज्य में हुई कई घटनाओं के बाद पुलिस विभाग पूरे अलर्ट पर है।
लुधियाना (सुरिन्द्र): प्राइवेट वाहनों पर आर्मी, पुलिस, वी.आई.पी., सरकारी ड्यूटी इत्यादि के स्टिकर लगे वाहन अब पुलिस नाकों पर रोके जाएंगे। इस बारे में पुलिस कमिश्नर द्वारा बीते दिनों विशेष तौर पर रोक के आदेश भी जारी किए गए थे लेकिन बावजूद इसके लोगों ने अपने प्राइवेट वाहनों के इस प्रकार के स्टिकर अभी तक हटाए नहीं हैं जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस एक्शन में आ गई है।
शहर में ट्रैफिक पुलिस ने विभिन्न नाकों पर ऐसे वाहनों को रोकना शुरू कर दिया है जिन पर अनधिकृत तौर पर पुलिस, आर्मी, सरकारी ड्यूटी, वी.आई.पी. इत्यादि तथा पुलिस के लोगो से मिलते-जुलते स्टिकर लगा रखे हैं। इन लोगों के विशेष तौर पर चालान किए जा रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस द्वारा पिछले 2 दिनों में ही ऐसे दर्जनों वाहनों के चालान किए गए हैं जिन पर अवैध तौर पर ऐसे स्टिकर लगाए गए थे।
गौरतलब हो कि बीते कुछ समय में राज्य में हुई कई घटनाओं के बाद पुलिस विभाग पूरे अलर्ट पर है। मुख्य सड़कों पर पड़ते थानों को विशेष तौर पर चौकस किया गया है। नववर्ष पर भी किसी वारदात की आशंका के चलते पुलिस विभाग कोई भी जोखिम नहीं उठाना चाहता, जिसके चलते प्राइवेट वाहनों पर लगे ऐसे स्टिकर वाले वाहनों पर भी कड़ी नजर रखने के आदेश दिए गए।
एफ.आई.आर. का भी प्रावधान : लांबा
इस बारे में ए.सी.पी. ट्रैफिक चरणजीव लांबा का कहना है कि उच्चाधिकारियों द्वारा धारा-144 के तहत प्राइवेट वाहनों पर पुलिस, आर्मी, वी.आई.पी. इत्यादि जैसे शब्द लिखवाने पर पाबंदी लगाई गई है। आदेश न मानने वालों के खिलाफ पुलिस विभाग एफ.आई.आर. भी दर्ज कर सकता है, इसलिए लोग खुद ही अपने वाहनों से ऐसे स्टिकर हटा दें और नियमों का पालन करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here