Edited By Urmila,Updated: 30 Mar, 2026 06:06 PM

फाजिल्का के गांव मुरादवाला दल सिंह से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां 10 से 12 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फाजिल्का (सुनील नागपाल): फाजिल्का के गांव मुरादवाला दल सिंह से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां 10 से 12 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, जिले के गांव मुरादवाला दल सिंह के खेल के मैदान में कुछ बच्चे हमेशा की तरह खेल रहे थे। खेलते-खेलते बच्चे रतनजोत नाम के पौधे के पास पहुंच गए और पौधे पर लगे फल को बादाम समझकर खा लिया। एक-दूसरे को देखकर सभी बच्चे इस फल को खाने लगे।
कुछ देर बाद बच्चों की हालत बिगड़ने लगी। बच्चे चिल्लाने लगे तो परिवार वाले तुरंत पहुंचे और बच्चों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि कुछ बच्चों को अरनीवाला के एक प्राइवेट अस्पताल, कुछ को अबोहर और कुछ को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सरकारी अस्पताल फाजिल्का के एस.एम.ओ. डॉ. एरिक ने बताया कि करीब 7 बच्चों को सरकारी अस्पताल लाया गया है, जिनमें फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण दिख रहे हैं। हालांकि, 7 बच्चों में से एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है, जबकि 6 बच्चों का इलाज यहीं चल रहा है। इस घटना के बाद बच्चों के माता-पिता में दहशत का माहौल है और वे डरे हुए और परेशान हो रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here