Edited By Kalash,Updated: 11 Nov, 2026 10:13 AM

महानगर के गांव भोरा स्थित 'ग्लोबल बिजनेस पार्क' में मेंटेनेंस चार्ज का बकाया बिल देने पहुंचे कर्मचारियों के साथ बदसलूकी, मारपीट करने, उन्हें बंधक बनाने और पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकियां देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
लुधियाना (राज): महानगर के गांव भोरा स्थित 'ग्लोबल बिजनेस पार्क' में मेंटेनेंस चार्ज का बकाया बिल देने पहुंचे कर्मचारियों के साथ बदसलूकी, मारपीट करने, उन्हें बंधक बनाने और पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकियां देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना पीएयू (PAU) की पुलिस ने पीड़ित कर्मचारी के बयानों और प्राथमिक जांच के आधार पर चार नामजद समेत पांच आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में राजोवाल निवासी जगदीप सिंह ने बताया कि वह ग्लोबल बिजनेस पार्क में अपनी नियमित ड्यूटी पर तैनात थे। गत 9 अक्टूबर को वह पार्क परिसर में स्थित संबंधित पक्ष को मेंटेनेंस चार्ज के बकाया बिल की प्रति देने गए थे। आरोप है कि बिल देखते ही वहां मौजूद आरोपी भड़क गए और उन्होंने गाली-गलौज करते हुए कर्मचारी पर हमला बोल दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने कानून को ताक पर रखते हुए उन्हें जबरन एक जगह बंधक बनाकर कैद कर लिया और उनके साथ जमकर मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद आरोपियों ने अवैध असलहा निकालकर उन पर तान दिया और धमकी दी कि यदि दोबारा बकाया बिल की मांग की तो जान से खत्म कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जबरदस्ती दिया गया मेंटेनेंस बिल भी उनसे वापस छीन लिया।
थाना पीएयू पुलिस ने मामले की विस्तृत पड़ताल के उपरांत नामजद आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। नामजद आरोपी गुरलाल सिंह, बलजीत सिंह विरदी, सतवीर सिंह रंधावा, कपिल, एक अज्ञात व्यक्ति है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के साथ मारपीट, बंधक बनाने और हथियार दिखाकर धमकाने के आरोपों की गंभीरता से तफ्तीश की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस द्वारा दबिश दी जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here