बैंक के अंदर घुसा हथियारबंद बदमाश, युवक को धमकाकर बाहर ले गया; फिर ऐसे ठगे 10 हजार

Edited By Vatika,Updated: 31 Oct, 2026 02:11 PM

robbery at bank

बहादुर के रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा के भीतर सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते

लुधियाना(राज): बहादुर के रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा के भीतर सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बैंक में कैश जमा करवाने पहुंचे एक युवक को शातिर बदमाश ने डब में लगा पिस्तौल दिखाकर बंधक बना लिया और डरा-धमका कर बैंक से बाहर ले गया। इसके बाद बाहर खड़े अपने साथियों के साथ मिलकर तलाशी लेने के बहाने युवक की जेब से 10 हजार रुपये का असली कैश निकाल लिया और बदले में रुमाल में लिपटे कागज के फर्जी नोट उसकी जेब में डालकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने संबंधित थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों और बैंक प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।

पीड़ित युवक के माता-पिता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, उनका बेटा बहादुरके रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में 10 हजार रुपये नकद जमा करवाने गया था। जब वह बैंक काउंटर के पास पैसे जमा करवाने की तैयारी कर रहा था, तभी एक अज्ञात युवक उसके पास आया। आरोपी ने अपनी कमीज उठाकर डब में खोंसा हुआ पिस्तौल युवक को दिखाया और शोर मचाने पर जान से मारने की सीधी धमकी दी। खौफ के साए में आरोपी युवक को चुपचाप अपने साथ बैंक परिसर से बाहर सड़क पर ले गया। बैंक से थोड़ी ही दूरी पर आरोपी के अन्य साथी पहले से घात लगाकर खड़े थे। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने युवक को घेर लिया और चेकिंग व तलाशी लेने का नाटक शुरू किया। इसी दौरान शातिरों ने युवक की जेब में रखे 10 हजार रुपये के असली नोट निकाल लिए और बड़ी चालाकी से एक रुमाल में लिपटी हुई कोरे कागज नोटों की गड्डी उसकी जेब में डाल दी। इससे पहले कि पीड़ित कुछ समझ पाता, सभी आरोपी मौके से तेजी से रफूचक्कर हो गए। जब युवक ने जेब में हाथ डाला और रुमाल खोलकर देखा, तो उसमें नकदी के बदले रद्दी कागज निकले। वारदात के बाद बदहवास बेटे ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी आपबीती बताई। पीड़ित की मां ने बताया कि जब उन्होंने बैंक जाकर सी.सी.टी.वी. फुटेज चेक करवाई, तो उसमें साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी युवक उनके बेटे को डब में लगा पिस्तौल दिखाकर धमकाते हुए बाहर ले जा रहा है।

पीड़ित परिवार ने बैंक की लचर सुरक्षा व्यवस्था पर कड़े सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि गेट पर सुरक्षा गार्ड के तैनात होने के बावजूद कोई अज्ञात बदमाश खुलेआम घातक हथियार लेकर बैंक के भीतर कैसे दाखिल हो गया? परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि मामले में लापरवाही बरतने वाले बैंक कर्मियों व सुरक्षा गार्ड की भूमिका की भी जांच हो और शातिर लुटेरों पर तुरंत शिकंजा कसा जाए। मामले की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैंक की आधिकारिक सी.सी.टी.वी. फुटेज और बहादुरके रोड के मुख्य रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग को कब्जे में लिया जा रहा है। फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी और उसके साथियों के हुलिए को ट्रेस किया जा रहा है और जल्द ही इस ठग व लुटेरा गिरोह को बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!