लुधियाना में बदमाशों का दुस्साहस! सोते परिवार को नशीला स्प्रे सुंघाया, गैस सिलेंडरों से लदी गाड़ी लेकर फरार

Edited By Vatika,Updated: 30 Oct, 2026 08:29 AM

ludhiana robbery news

इसके बाद बदमाश गोदाम परिसर में खड़ी 54 गैस सिलेंडरों से लदी पिकअप गाड़ी (छोटा हाथी) और 2 मोटरसाइकिलें चुराकर

लुधियाना(राज) : गोबिंदगढ़ इलाके में बेखौफ बदमाशों ने चोरी की एक बेहद सनसनीखेज और दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। यहां स्थित अरुण गैस एजेंसी के गोदाम को निशाना बनाते हुए 3 शातिर बदमाशों ने वहां सो रहे कर्मचारी और उसके परिवार पर कथित तौर पर नशीले स्प्रे का छिडक़ाव कर दिया, जिससे पूरा परिवार बेसुध हो गया। इसके बाद बदमाश गोदाम परिसर में खड़ी 54 गैस सिलेंडरों से लदी पिकअप गाड़ी (छोटा हाथी) और 2 मोटरसाइकिलें चुराकर आसानी से फरार हो गए। तडक़े हुई इस बड़ी वारदात से व्यापारियों में भारी रोष और दहशत फैल गई है।

गैस एजेंसी के मालिक अरुण गुप्ता ने बताया कि गोबिंदगढ़ इलाके में उनकी गैस एजेंसी का मुख्य गोदाम स्थित है। गोदाम की देखरेख के लिए उनका कर्मचारी धर्मेंद्र अपनी बहन आरती व अन्य परिजनों के साथ परिसर में बने कमरे में ही रहता है। बीती रात पूरा परिवार कमरे में गहरी नींद में सो रहा था। इसी दौरान तडक़े करीब सवा तीन बजे 3 नकाबपोश अज्ञात बदमाश गोदाम परिसर में दाखिल हुए। आरोप है कि बदमाशों ने धर्मेंद्र के कमरे की खिडक़ी या दरवाजे से किसी नशीले स्प्रे का छिडक़ाव कर दिया, जिसके असर से परिवार के सभी सदस्य पूरी तरह बेसुध हो गए और किसी को जागने का मौका तक नहीं मिला।

54 सिलेंडरों से भरा छोटा हाथी व दो बाइक लेकर हुए फरार
परिवार को बेसुध करने के बाद बेखौफ बदमाशों ने गोदाम में जमकर हाथ साफ किया। आरोपी गोदाम परिसर में खड़ी पिकअप गाड़ी (छोटा हाथी), जिसमें 54 गैस सिलेंडर (भरे व खाली) लोड थे, उसे स्टार्ट कर ले गए। इसके साथ ही बदमाश वहां खड़ी 2 अन्य मोटरसाइकिलें भी चोरी कर अपने साथ ले गए। सुबह जब काफी देर बाद धर्मेंद्र और उसके परिजनों को होश आया, तो परिसर का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सिलेंडरों से लदी गाड़ी और दोनों बाइकें गायब थीं। धर्मेंद्र ने तुरंत इसकी सूचना एजेंसी मालिक अरुण गुप्ता को दी, जिसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया गया।

सी.सी.टी.वी. फुटेज में दिखे बदमाश, पुलिस को मिले अहम सुराग :
वारदात की खबर मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। इलाके में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की जांच के दौरान तीनों बदमाश चोरी की गई पिकअप गाड़ी और दोनों बाइकों को ले जाते हुए साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में ले लिया है। सूत्रों के मुताबिक, प्राथमिक जांच में पुलिस के हाथ कुछ अहम तकनीकी क्लू लगे हैं, जिनके आधार पर आरोपियों के रूट को ट्रेस किया जा रहा है।

व्यापारी वर्ग में रोष: ऐसी वारदातों में कारोबार करना होगा दूभर :
गैस एजेंसी मालिक अरुण गुप्ता ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि यदि औद्योगिक नगरी में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद रहेंगे और कारोबारियों के गोदामों को इस तरह निशाना बनाया जाएगा, तो व्यापारी सुरक्षित माहौल में काम कैसे करेंगे? उन्होंने उच्च पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों को तुरंत सलाखों के पीछे भेजा जाए और माल बरामद किया जाए।

मामला संदिग्ध लग रहा है, गहनता से कर रहे पड़ताल: चौकी इंचार्ज :
उधर, इस सनसनीखेज मामले को लेकर ईशर नगर पुलिस चौकी के इंचार्ज कपिल शर्मा का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला कुछ संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस हर एंगल, पारिवारिक बयानों और तकनीकी पहलुओं से मामले की गहराई से जांच कर रही है। पड़ताल पूरी होने और ठोस तथ्य सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी और उसी आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!