Edited By Vatika,Updated: 03 Apr, 2026 08:47 AM

धर्मपुरा इलाके में मदद करने के बहाने एक शातिर ठग ने एक व्यक्ति का एटीएम
लुधियाना (राज): धर्मपुरा इलाके में मदद करने के बहाने एक शातिर ठग ने एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से करीब 1.50 लाख रुपये की नकदी उड़ा ली। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है। इस मामले में थाना दरेसी की पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
शिकायतकर्ता चरणजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी मनजीत कौर का बैंक ऑफ बड़ौदा (शाखा धर्मपुरा) में खाता है। बीती 29 मार्च को वह अपनी पत्नी का एटीएम कार्ड लेकर धर्मपुरा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम बूथ पर पैसे निकलवाने गया था। जब वह मशीन से पैसे निकालने की कोशिश कर रहा था, तो ट्रांजेक्शन सफल नहीं हुई। इसी दौरान वहां पहले से ही मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने की पेशकश की। उस व्यक्ति ने बड़ी चालाकी से धोखे से उसका असली एटीएम कार्ड बदल लिया और उसे दूसरा फर्जी कार्ड थमा दिया। उसको ठगी का अहसास तब हुआ जब उसके मोबाइल पर पैसे कटने के मैसेज आने शुरू हुए। आरोपी ने कार्ड बदलने के बाद खाते से अलग-अलग जगहों से कुल 1 लाख 50 हजार रुपये निकलवा लिए।
एटीएम इस्तेमाल करते समय रखें ये सावधानियां:
- अपना पिन (PIN) किसी के साथ साझा न करें।
- एटीएम के अंदर किसी भी अनजान व्यक्ति की मदद न लें।
- कार्ड मशीन में डालते समय कीपैड को दूसरे हाथ से ढक लें।
- ट्रांजेक्शन पूरी होने के बाद 'Cancel' बटन दबाना न भूलें।