Edited By Vatika,Updated: 01 Sep, 2026 10:30 AM

अमृतसर एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक बार फिर यात्रियों का गुस्सा देखने
अमृतसर: अमृतसर एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक बार फिर यात्रियों का गुस्सा देखने को मिला। दरअसल, स्पाइसजेट की अमृतसर से दुबई जाने वाली फ्लाइट के घंटों लेट होने के कारण यात्री परेशान हो गए। इस दौरान टिकट काउंटर पर यात्रियों और एयरपोर्ट कर्मचारियों के बीच बहस भी हुई।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट का निर्धारित समय सुबह 8:40 बजे था, लेकिन यात्रियों को बताया गया कि अब फ्लाइट रात करीब 11 बजे रवाना होगी। इसके बाद यात्रियों का गुस्सा बढ़ गया। एक यात्री ने स्टाफ से बहस करते हुए मैनेजर को बुलाने की मांग की। उसने नाराजगी जताते हुए कहा कि मैनेजर को बुलाया जाए, ताकि स्थिति और खराब न हो।
वहीं, जालंधर से आए एक यात्री ने बताया कि वह समय पर एयरपोर्ट पहुंच गए थे, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उन्हें फ्लाइट के काफी देर से रवाना होने की जानकारी मिली। यात्रियों ने एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। यात्री का आरोप है कि करीब 70 से 80 यात्री तेज धूप में बाहर बैठने को मजबूर हैं। जब उन्होंने स्टाफ से अंदर बैठने की जगह देने की मांग की तो कथित तौर पर स्टाफ ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। यात्रियों का कहना है कि लंबे इंतजार के कारण उन्हें काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने एयरपोर्ट की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यात्रियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।