Edited By Mohit,Updated: 15 Jan, 2020 05:00 PM
पंजाब विधानसभा का दो दिन का विशेष सत्र कल से आरंभ हो रहा है।
चंडीगढ़ः पंजाब विधानसभा का दो दिन का विशेष सत्र कल से आरंभ हो रहा है। पंजाब सरकार अपनी मंशा पहले ही जता चुकी है कि वो नागरिकता संशोधन कानून (सी.ए.ए.), राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एन.आर.सी.) और राष्ट्रीय आबादी रजिस्टर (एन.पी.आर.) के बारे में सदन की इच्छा के अनुसार कदम उठाएगी। कल मंत्रिमंडल की बैठक में भी विभाजनकारी सी.ए.ए., एन.आर.सी. और एन.पी.आर को लेकर चिंता व्यक्त की गई। इसलिए विशेष सत्र में यह मामला उठाए जाने की संभावना है।
सरकार सदन की सिफारिश के अनुसार इस मुद्दे से निपटने के लिए अपनी रणनीति तैयार करेगी। इसके अलावा सदन की बैठक में विभिन्न बिल पेश किए जाने की संभावना हैय़ सदन की बैठक 17 जनवरी तक चलेगीय़ सदन में 126वें संशोधन की पुष्टि करने का प्रस्ताव लाने और वस्तुएं एवं सेवा एक्ट को कानूनी रूप देने के लिए बिल पेश किया जाएगा। सदन की बैठक सुबह 11 बजे राज्यपाल के भाषण के साथ शुरू होगी।
इसके अगले दिन 17 जनवरी को प्रात:काल 10 बजे दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी जाएगी और इसके बाद संविधान (126वें संशोधन) बिल-2019 की पुष्टि के लिए प्रस्ताव पेश किया जाएगा। उसी दिन प्रस्तावित वैधानिक कामकाज के बाद विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो जाएगी। 126वें संवैधानिक संशोधन बिल-2019 के जरिए पंजाब में अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षण 25 जनवरी, 2020 से आगे दस साल के लिए बढ़ा दिया जाएगा। ज्ञातव्य है कि 126वां संशोधन बिल लोकसभा द्वारा तारीख 10 दिसंबर, 2019 और राज्यसभा द्वारा तारीख 12 दिसंबर, 2019 को पास किया गया था।