Edited By Urmila,Updated: 26 Aug, 2026 12:16 PM

अवैध हथियारों के बल पर राहगीरों व व्यापारियों को डरा-धमकाकर लूटपाट करने वाले गिरोह के दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने हथियारों के जखीरे सहित धर दबोचा है।
लुधियाना (राज): अवैध हथियारों के बल पर राहगीरों व व्यापारियों को डरा-धमकाकर लूटपाट करने वाले गिरोह के दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने हथियारों के जखीरे सहित धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक 32 बोर की अवैध पिस्तौल, 2 जिंदा कारतूस, एक धारदार खंजर, एक मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल होने वाली सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी एएसआई दीप चंद ने बताया कि बीते 25 अगस्त को वह अपनी पुलिस पार्टी के साथ इलाके में सुरक्षा व कानून-व्यवस्था के मद्देनजर गश्त पर मौजूद थे। उसी दौरान एक खास मुखबिर ने आकर पुख्ता सूचना दी कि इलाके में पिस्तौल की नोक पर लूटपाट और स्नैचिंग करने के आदी दो शातिर अपराधी अजीत सिंह उर्फ भूमिया और सन्नी कुमार किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हथियारों सहित सफेद बोलेरो गाड़ी में बैठे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी ने तुरंत मोहल्ला प्रीतम कॉलोनी स्थित खाली व गैर-आबाद प्लॉट पर सुनियोजित तरीके से घेराबंदी कर छापेमारी की।
पुलिस ने मौके पर एक सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो गाड़ी में बैठे दोनों संदिग्धों को भागने का मौका दिए बिना काबू कर लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद हुआ। आरोपियों से 1 अवैध पिस्तौल (.32 बोर), 2 जिंदा कारतूस (7.65 mm), 1 तेजधार खंजर, 1 मोबाइल फोन और बोलेरो गाड़ी जब्त की है पुलिस ने दोनों आरोपियों अजीत सिंह उर्फ भूमिया और सन्नी कुमार को मौके पर ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं व आर्म्स एक्ट के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस रिमांड हासिल कर आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह अवैध हथियार कहां से खरीदकर लाए थे और महानगर में किन-किन लूट की वारदातों में शामिल रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here