Edited By Kalash,Updated: 08 Mar, 2026 05:54 PM

बस का किराया मांगने पर कंडक्टर को बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है।
साहनेवाल/कुहाड़ा (जगरूप): बस का किराया मांगने पर कंडक्टर को बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है। घटना कूम कलां थाने के अधीन आते बलिएवाल इलाके की है। कंडक्टर सुखविंदर सिंह पुत्र सरबजीत सिंह निवासी घरखणा, थाना समराला ने थाने में दी जानकारी देते हुए बताया कि वह ढिल्लों बस सर्विस में कंडक्टर के तौर पर टिकटें काटता है।
सुखविंदर ने बताया कि उसकी बस का रूट माछीवाड़ा साहिब से बस्ती जोधेवाल तक है। गत 28 फरवरी को जब उसकी बस शाम करीब 6 बजे माछीवाड़ा साहिब से अपने लास्ट गेड़े पर निकली तो उसमें तीन व्यक्ति सवार हुए। सुखविंदर ने बताया कि जब वह टिकटें काटते हुए बस में उनके पास पहुंचा तो वे तीनों एक सीट पर बैठे हुए थे। जब उसने उनसे किराया मांगा तो उन्होंने तीनों लोगों का किराया 60 रुपये दे दिया। कंडक्टर ने बताया कि एक सवारी का माछीवाड़ा से बलिएवाल का किराया 30 रुपए है। जब उसने कहा कि वह पूरा किराया देगा, तो इन युवकों ने उससे कहा कि 'असी तां इन्ने ही देने तू अग्गे चल'। यह सुनकर कंडक्टर ने सीटी बजा कर बस रोकी और कहा कि अगर तुम्हारे पास किराया नहीं है, तो नीचे उतर जाओ।
इस छोटी सी बहस के बाद युवकों ने उसे 5/5 रुपये और दे दिए। कंडक्टर ने बताया कि वह अपने काम से जा रहा था लेकिन जब उसकी बस बलिएवाल गांव के बस स्टैंड पर पहुंची, तो इन युवकों के 10-15 साथी उसकी बस में चढ़ गए और उसे बुरी तरह पीटा। कंडक्टर सुखविंदर ने बताया कि इन युवकों ने मिलकर पहले उसे बस में पीटा और फिर नीचे उतारकर बुरी तरह पीटा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया। शिकायत के आधार पर कूम कलां थाने की पुलिस ने पांच युवकों मानव, जस करण, कर्मवीर, दीपू, जस्सी, सभी निवासी बलिएवाल गांव और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here