Edited By Subhash Kapoor,Updated: 22 Sep, 2026 09:33 PM

मीरां साहिब क्षेत्र के गांव कोटली मियां फतेह के पास रिंग रोड किनारे खेतों में मंगलवार शाम एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बलवान सिंह पुत्र जसपाल सिंह, निवासी सई कलां के रूप में हुई है।
आर.एस. पुरा, (मुकेश): मीरां साहिब क्षेत्र के गांव कोटली मियां फतेह के पास रिंग रोड किनारे खेतों में मंगलवार शाम एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बलवान सिंह पुत्र जसपाल सिंह, निवासी सई कलां के रूप में हुई है। शव के पास से दो नशीले इंजेक्शन भी बरामद हुए हैं, जबकि मृतक की बुलेट मोटरसाइकिल नंबर जेके-02-सीपी-5168 भी खेतों में ही मिली।
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब छह बजे की है। खेतों में काम कर रहे कुछ लोगों ने एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने आसपास के थानों में संदेश फ्लैश करवाकर युवक की गुमशुदगी के संबंध में जानकारी मांगी। इस दौरान पता चला कि अरनिया थाने में युवक के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाया, जहां मृतक के छोटे भाई विक्की कुमार ने शव की पहचान अपने बड़े भाई बलवान सिंह के रूप में की। विक्की कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका भाई सोमवार सुबह बड़ी ब्राह्मणा के लिए निकला था, जहां उसका ट्रक एक एजेंसी में खड़ा था। शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार ने अरनिया थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी जम्मू भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव के पास से दो नशीले इंजेक्शन मिले हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।