Edited By Krishan Rana,Updated: 24 Mar, 2026 09:25 PM

मंगलवार को दिल्ली में नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध के साथ हरियाणा कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): मंगलवार को दिल्ली में नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध के साथ हरियाणा कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा भेंट कर सम्मान प्रकट किया गया। इस अवसर पर हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा कांग्रेस (SC विभाग) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि कर्मवीर बौद्ध को कांग्रेस आलाकमान ने हाल ही में राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया था, जिसमें उन्होंने जीत हासिल की। एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में पहचान रखने वाले बौद्ध का यह राजनीतिक सफर काफी चर्चा में है। राज्यसभा चुनाव लड़ने से पहले उनका बड़ा राजनीतिक कद नहीं था और वे हरियाणा सचिवालय में एडीओ (ADO) के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
हालांकि, कर्मवीर बौद्ध की इस जीत के साथ ही हरियाणा कांग्रेस के भीतर सियासी हलचल भी तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, उनके चुनाव में कांग्रेस के 9 विधायकों में से 5 ने क्रॉस वोटिंग की, जबकि 4 विधायकों के वोट तकनीकी कारणों से रिजेक्ट हो गए। इस घटनाक्रम ने पार्टी के अंदर अनुशासन और रणनीति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जहां एक ओर कर्मवीर बौद्ध की जीत कांग्रेस के लिए राहत भरी रही, वहीं क्रॉस वोटिंग और वोटों के रिजेक्ट होने की घटना ने संगठन के भीतर अंतर्विरोध को उजागर कर दिया है। आने वाले समय में पार्टी नेतृत्व इस मुद्दे पर सख्त रुख अपना सकता है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)