Edited By Subhash Kapoor,Updated: 24 Jul, 2026 06:50 PM

मोगा में दिनदहाड़े भरे बाजार में गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कुछ युवकों ने एक कार को घेरकर उसमें सवार युवक पर डंडों और लाठियों से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल...
मोगा: मोगा में दिनदहाड़े भरे बाजार में गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कुछ युवकों ने एक कार को घेरकर उसमें सवार युवक पर डंडों और लाठियों से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, दलजीत सिंह एक महिला सपना सेतिया के साथ कार में सवार होकर बैंक से नकदी निकलवाकर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर आए डंडों और लाठियों से लैस युवकों ने उनकी कार को घेर लिया और कथित तौर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कार के शीशे भी तोड़ दिए। हमले में दलजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
दलजीत सिंह के साथ मौजूद सपना सेतिया ने आरोप लगाया कि पुलिस दोनों पक्षों पर मामला दर्ज करने की बात कहकर उन पर समझौते का दबाव बना रही है। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को रास्ता देने को लेकर दलजीत सिंह का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। इसके बाद से वे लगातार उनका पीछा कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में पुलिस को दो बार शिकायत भी दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि पुलिस ने समय पर कार्रवाई की होती तो यह घटना नहीं होती।
वहीं, दूसरे पक्ष से संबंधित युवती आशू ने आरोप लगाया कि करीब 10 दिन पहले जब वह बाजार जा रही थी, तब दलजीत सिंह ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया था। उसने इसकी जानकारी अपने भाई को दी थी। आशू का कहना है कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर भी कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते यह विवाद बढ़ गया। उसके अनुसार, जब उसका भाई चैम्बर रोड से गुजर रहा था, तभी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और झगड़ा हो गया।

हमलावर फरार हुए, फिर अस्पताल कैसे पहुंचे? बना रहस्य
सपना सेतिया ने कहा कि उनके पास घटना का वीडियो मौजूद है, जिसमें हमलावर मारपीट करने के बाद मौके से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद बाद में उनका अस्पताल में भर्ती होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने मांग की कि पुलिस आसपास के लोगों के बयान और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर सच्चाई सामने लाए।
क्या बोली पुलिस?
इस मामले में थाना प्रभारी गुरपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक पैसे लूटने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। हालांकि, घटना की सच्चाई जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
