Edited By Kamini,Updated: 25 Apr, 2026 09:29 AM

औद्योगिक नगरी की नामी कंपनी 'गर्ग एक्रेलिक' (कंगनवाल) में भारी धोखाधड़ी और जालसाजी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
लुधियाना (राज): औद्योगिक नगरी की नामी कंपनी 'गर्ग एक्रेलिक' (कंगनवाल) में भारी धोखाधड़ी और जालसाजी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कंपनी के ही एक पुराने और भरोसेमंद कर्मचारी ने विश्वास की कतरनें बिखेरते हुए जाली दस्तावेजों और फर्जी बिलों के जरिए कंपनी को मोटी रकम का चूना लगा दिया। इस संबंध में कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट अनीश बंसल की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अजय मिश्रा पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, कंगनवाल स्थित गर्ग एक्रेलिक के वाइस प्रेसिडेंट ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि आरोपी अजय मिश्रा पिछले करीब 5 सालों से उनकी कंपनी में कार्यरत था। वह कंपनी में लॉजिस्टिक्स और एक्सपोर्ट से जुड़ा महत्वपूर्ण काम देखता था। इसी काम की आड़ में आरोपी अपनी एक निजी फर्म 'मैसर्स बाला जी ट्रांसपोर्ट कंपनी' भी चला रहा था। ड्यूटी के दौरान आरोपी ने शातिर दिमाग का इस्तेमाल करते हुए कंपनी के साथ विश्वासघात किया और अपनी फर्म के नाम पर फर्जी व डुप्लीकेट बिल तैयार कर पेश किए।
जालसाजी का यह खेल तब बेनकाब हुआ जब कंपनी का इंटरनल ऑडिट किया गया। ऑडिट के दौरान जब दस्तावेजों की गहराई से जांच हुई, तो पता चला कि अजय मिश्रा ने कागजात में हेराफेरी कर जाली बिल लगाए थे और उनके आधार पर कंपनी से बड़ी मात्रा में अतिरिक्त भुगतान हासिल कर लिया था। आरोपी ने इतनी सफाई से दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ की थी कि लंबे समय तक किसी को शक नहीं हुआ। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here