Edited By Vatika,Updated: 26 Oct, 2026 03:05 PM

बस स्टैंड के बाहर रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 5 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। ब
लुधियाना (राज): बस स्टैंड के बाहर रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 5 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची अपने दादा के साथ उत्तर प्रदेश स्थित अपने पैतृक गांव जाने के लिए बस स्टैंड पहुंची थी। मुख्य सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार छोटा हाथी लोडिंग वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बच्ची का शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही चौकी कोचर मार्केट की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी देते हुए बच्ची के पिता मोनू यादव ने बताया कि वह ताजपुर रोड स्थित मछली अड्डा में मजदूरी का काम करते हैं। उनके पिता बच्चों को अपने साथ गांव ले जाने के लिए लुधियाना आए थे। परिवार ने पहले छोटी बेटी को गांव भेजने की योजना बनाई थी, लेकिन 5 साल की बड़ी बेटी अनन्या भी अपने दादा के साथ गांव जाने की जिद करने लगी। इसके बाद परिवार ने उसे भी दादा के साथ भेजने का फैसला किया। पिता ने बताया कि वह खुद अपनी लाडली को ऑटो में बैठाकर बस स्टैंड छोड़कर आए थे।.
दादा अपनी पोती अनन्या का हाथ पकड़कर बस पकड़ने के लिए बस स्टैंड के सामने मुख्य सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। जांच अधिकारी हरविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि लोडिंग वाहन का नंबर पता लगाने के साथ फरार चालक की पहचान की जा सके।