Edited By Kalash,Updated: 02 Aug, 2026 11:38 AM

कमिश्नरेट पुलिस लुधियाना के रिकॉर्ड कीपर की जांच-पड़ताल के बाद सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा करने और चोरी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है।
लुधियाना (राज): कमिश्नरेट पुलिस लुधियाना के रिकॉर्ड कीपर की जांच-पड़ताल के बाद सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा करने और चोरी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। लक्कड़ बाजार टायर मार्केट स्थित पुलिस विभाग की कीमती दुकान पर अब्दुल रशीद नाम के व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा जताने और चोरी की वारदात को अंजाम दिए जाने के संबंध में थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में सब-इंस्पेक्टर बलजीत सिंह ने बताया कि वह दफ्तर पुलिस कमिश्नर लुधियाना में बतौर रिकॉर्ड कीपर तैनात हैं। पुलिस कमिशनरेट लुधियाना की तमाम सरकारी इमारतों और संपत्तियों का रिकॉर्ड उन्हीं के पास सुरक्षित है और वह ही इसका रखरखाव करते हैं। जांच के दौरान शिकायतकर्ता सरोज यादव के संबंध में जब रिकॉर्ड खंगाला गया, तो पता चला कि दुकान नंबर 90/3 (903/8), जो कि लक्कड़ बाजार टायर मार्केट (मेला सिंह एंड संज के सामने) में स्थित है, वह पुरानी पुलिस लाइन की हदबंदी के अधीन आती है और पूरी तरह से सरकारी (पुलिस विभाग की) संपत्ति है। जांच में सामने आया कि अब्दुल रशीद नाम का व्यक्ति अवैध रूप से इस सरकारी दुकान पर अपना कब्जा जता रहा था और खुद को इसका मालिक बता रहा था। शिकायत मिलने के बाद जब रिकॉर्ड की जांच की गई तो आरोपी का यह दावा पूरी तरह से झूठा और अवैध पाया गया।
जांच अधिकारी एएसआई हरदीप सिंह) द्वारा शिकायत के साथ सीसीटीवी खंगालने पर पता चला कि दुकान में चोरी करने वाले असली आरोपी इंदु शेखर उर्फ कांचा और गुलशन उर्फ गग्गू हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिकॉर्ड कीपर के बयानों और सीसीटीवी फुटेज के साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बनती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here