Edited By Vatika,Updated: 01 Aug, 2026 08:56 AM

राजगुरु नगर स्थित एमबीडी मॉल के बाहर बीती शाम हुई अंधाधुंध क्रॉस-फायरिंग के मामले में कमिशनरेट पुलि
लुधियाना (राज): राजगुरु नगर स्थित एमबीडी मॉल के बाहर बीती शाम हुई अंधाधुंध क्रॉस-फायरिंग के मामले में कमिशनरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सार्वजनिक स्थान पर सरेआम गोलियां चलाकर दहशत फैलाने और लोगों की जान जोखिम में डालने वाले दोनों गुटों के करीब आधा दर्जन से अधिक युवकों के खिलाफ थाना सराभा नगर में गंभीर धाराओं के तहत क्रॉस केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की विशेष टीमें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 31 जुलाई की देर शाम एमबीडी मॉल के पास दो गाड़ियों—काले रंग की स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर में सवार युवकों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर टकराव हो गया था। गश्त के दौरान एएसआई दविंदर सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर सरेराह ताबड़तोड़ गोलियां चलाई हैं। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर दोनों पक्षों में पहले घायल पक्ष आर्यन घुम्मण (निवासी नानक नगर, लाडोवाल), आर्यन ढालीवाल (निवासी प्रीतम नगर), निखिल उर्फ बल्लू (निवासी शाही मोहल्ला) व 2 अज्ञात। ऐसे ही दूसरे पक्ष के गुरसेवक सिंह उर्फ लहोरिया (निवासी नजदीक दमोरिया पुल), चन्न ग्रेवाल (निवासी टिब्बा रोड) व 2 अज्ञात को नामजद कर लिया है।
घायलों का इलाज जारी, मुल्लांपुर की तरफ दबिश
इस खूनी झड़प में घायल हुए आर्यन घुम्मण (कमर में गोली) और आर्यन ढालीवाल का डीएमसी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मुल्लांपुर की ओर फरार हुए हैं। पुलिस ने मुल्लांपुर रूट और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का दावा है कि शहर में गुंडागर्दी और माहौल खराब करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।