Edited By Kalash,Updated: 21 Jul, 2026 05:22 PM

लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशा तस्करों और तस्करों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत थाना जमालपुर की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 150 ग्राम हेरोइन, ड्रग मनी और भारी मात्रा में वाहनों समेत 3 शातिर नशा तस्करों को दबोच लिया है।
लुधियाना (राज): लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशा तस्करों और तस्करों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत थाना जमालपुर की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 150 ग्राम हेरोइन, ड्रग मनी और भारी मात्रा में वाहनों समेत 3 शातिर नशा तस्करों को दबोच लिया है। पुलिस कमिश्नर लुधियाना स्वपन शर्मा के दिशा-निर्देशों के तहत, डीसीपी देहाती जसकिरणजीत सिंह तेजा, एडीसीपी जोन-4 जसनदीप सिंह गिल और एसीपी इंडस्ट्री एरिया-ए इंदरजीत सिंह बोपाराय की अगवाई में थाना जमालपुर के मुख्य अफसर थानेदार परमोध राज और एएसआई गुरमीत सिंह की पुलिस टीम ने इस खतरनाक गिरोह का पर्दाफाश किया है।
19 जुलाई को नाकेबंदी के दौरान मिली थी गुप्त सूचना
जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 19 जुलाई को थानेदार परमोध राज की योग्य अगवाई में एएसआई गुरमीत सिंह पुलिस टीम समेत बाला जी कॉलोनी (निकट डिसेंट स्कूल, भामियां कलां) में मौजूद थे। नाकेबंदी के दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि मोहम्मद नसीम पुत्र मोहम्मद सराफुद्दीन, सनी जायसवाल पुत्र शिवजी चौधरी और सनी की पत्नी शिखा पांडे (सभी निवासी बालाजी एन्क्लेव, भामियां रोड लुधियाना) मिलकर काफी समय से इलाके में हेरोइन बेचने का अवैध धंधा कर रहे हैं।
स्प्लेंडर की डिग्गी से निकली हेरोइन, महिला से 10 हजार की ड्रग मनी बरामद!
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अपने हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (PB-10 KD-7073, काला व ग्रे रंग) पर सवार होकर साहनेवाल रोड की तरफ से भामियां कलां और हुंदल चौक ताजपुर रोड के एरिया में ग्राहकों को हेरोइन की सप्लाई देने जा रहे थे। सूचना के आधार पर जमालपुर पुलिस ने डिसेंट स्कूल के पास तुरंत सख्त नाकेबंदी की। चेकिंग के दौरान जैसे ही मोटरसाइकिल को रोका गया, आरोपी सनी जायसवाल के मोटरसाइकिल की कागजात रखने वाली डिग्गी (टूलबॉक्स) से 150 ग्राम हेरोइन, एक छोटा डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक कांटा और 25 खाली पारदर्शी मोमी पाउच बरामद हुए। इसके अलावा आरोपी महिला शिखा पांडे से 10,000 रुपये की ड्रग मनी नकद बरामद की गई।
बैंक खातों में मिले 9 लाख 13 हजार रुपये; खाते होंगे सील!
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नंबर 182, दिनांक 19-07-2026, अंडर सेक्शन 21, 25, 29/61/85 NDPS Act के तहत थाना जमालपुर में मामला दर्ज कर लिया है। तफ्तीश के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 150 ग्राम हेरोइन, 10,000 रुपये नकद ड्रग मनी, 2 मोटरसाइकिल, 2 एक्टिवा स्कूटर, 15 मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और खाली पाउच जब्त किए हैं। इससे भी बड़ा खुलासा यह हुआ है कि आरोपियों के बैंक खातों में काली कमाई के करीब 9 लाख 13 हजार रुपये पाए गए हैं, जिन्हें बैंकों से पत्राचार करके तुरंत फ्रीज करवाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि नशा तस्करी के पिछले और अगले संबंधों का पर्दाफाश किया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here